लखनऊ, 02 फरवरी (हि.स.)। बाबू बनारसी दास क्रिकेट लीग के बी और डी डीविजन में एक-एक मैच खेले गये। इसमें बी डीविजन में रुद्रांश क्रिकेट क्लब और एएस जिमखाना क्लब के बीच हुए मैच में राघवेंन्द्र कन्नौजिया की शानदार गेंदबाजी से रुद्रांश क्रिकेट क्लब ने 10 विकेट से मैच जीत लिया। वहीं डी डीविजन के मैच में केडी सिंह बाबू स्पोर्ट क्लब ने ईगल क्रिकेट क्लब को 364 रन से मात दे दी।
केडी सिंह ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में तीन विकेट खोकर 442 रन बनाये। सर्वाधिक 231 रन आशुतोष यादव ने 15 चौका व 14 छक्का की मदद से बनाये। वहीं रियाज अहमद ने 162 रन का योगदान दिया। ईगल की टीम मात्र 78 रन ही बना सकी और केडी सिंह की टीम 364 रन से विजयी रही। मैन आफ द मैच का खिताब आशुतोष यादव को दिया गया।
दूसरे मैच में रुद्रांश क्रिकेट क्लब ने टास जीतकर पहले क्षेत्र रक्षण का फैसला किया। एएस जिमखाना की टीम 31 ओवर में ही 87 रन बनाकर आउट हो गयी। सर्वाधिक 20 रन आदर्श अवस्थी ने बनाये। वहीं रूदांश की टीम के बालर राघवेन्द्र ने आठ ओवर गेंद डालकर दो मेडन ओवर के साथ ही मात्र 14 रन देकर चार विकेट लिए। मैन आफ द मैच का खिताब राघवेन्द्र को ही दिया गया। रूद्रांश की टीम के सौरभ मिश्रा और कबीर ने ही 88 रन बना लिए और रूद्रांश की टीम 10 विकेट से मैच को जीत गयी।
