प. बंगाल में भाजपा आएगी तो महिलाएं मजबूत होंगी: देबाश्री चौधरी

नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स)। केंद्रीय महिला और बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं की स्थिति मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासनकाल में अधिक खराब हुई है। राज्य में महिलाएं दुष्कर्म, तस्करी व उत्पीड़न की शिकार हैं। लेकिन, राज्य में भाजपा की सरकार आती है तो महिलाओं की स्थिति में सुधार के लिए खास ध्यान दिया जाएगा। 

हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी से खास बातचीत में केंद्रीय राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा-पत्र में महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया है। राज्य में नौ महिला थाना बनाना शामिल है, जिस तरह देवी दुर्गा के नौ रूप हैं, उसी तरह महिलाओं की रक्षा के लिए नौ महिला थाने बनाए जाएंगे।  

उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा पर भी खास ध्यान देने की बात भारतीय जनता पार्टी ने की है। सरकार के बनने पर पांचवीं, सातवीं और नौवीं की छात्राओं को स्कॉलरशिप दी जाएगी। उन्हें सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। कुल मिलकार भाजपा ने अपने संकल्प-पत्र में महिलाओं की स्थिति में सुधार लाने पर खास ध्यान देने की बात कही है।  

एक सवाल के जवाब में देबाश्री चौधरी ने कहा कि वामपंथी पार्टियों के शासन में इसी तरह के डर का माहौल बनाया गया था। अब ममता बनर्जी के शासन में लोगों को डराया जा रहा है। राज्य में पंचायत चुनाव से अब तक 140 से अधिक भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है। पिछले तीन दिनों में दो कार्यकर्ता की हत्या की गई है। एक दिन पहले ही मंडल अध्यक्ष को एक फंदे से लटका दिया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। राजनीतिक हिंसा बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल की इस स्थिति को बदलना है। हमें यकीन है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह काम भी हो जाएगा। लोग खुलकर भाजपा का समर्थन कर रहे हैं।  

हालिया एक सर्वे में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ती दिख रही है। ऐसे सर्वे से जुड़े सवाल पर केंद्रीय राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी ने कहा कि भाजपा के लिए हमेशा ऐसे ही नतीजे आते हैं। लेकिन, जब-जब भाजपा को चुनाव पूर्व सर्वे में कम सीटें दिखाई जाती है तो भाजपा को दोगुनी सीट मिलती है। इस बार भी हमें 200 के पार सीटें मिलेंगे।  

उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सर्वे को गलत साबित करके दिखाया। लोकसभा चुनाव में भी नतीजे चौकाने वाले आए थे। इस बार पश्चिम बंगाल में नतीजे चौकाने वाले आएंगे। भाजपा पूरे बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *