भारत-अमेरिका ने फिर से मातृभूमि सुरक्षा संवाद स्थापित करने पर जताई सहमति

वॉशिंगटन, 24 मार्च (हि.स.)। भारत और अमेरिका ने एकबार फिर से मातृभूमि सुरक्षा संवाद स्थापित करने पर सहमति जताई है।

दरअसल, इससे पहले सोमवार को मातृभूमि सुरक्षा सचिव एलेजांद्रो मेयोरकस ने अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू के साथ भारत और उनके विभाग के बीच संबंधों को मजबूत करने की इच्छा जाहिर की थी।

मेयोरकस और संधू ने भारत-अमेरिका मातृभूमि सुरक्षा संवाद को फिर से स्थापित करने पर सहमति जताई है। साथ ही महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे साइबर सुरक्षा, उभरती हुई प्रौद्योगिकी पर चर्चा करते हुए इन मुद्दों पर भी सहमत हुए हैं।

इस दौरान उन्होंने विशेष तौर से सकारात्मक जुड़ाव पर बात की। साथ ही क्वाड, कोरोना पर सहयोग, जलवायु क्रियाएं और साइबर सुरक्षा पर बात हुई। इसके अलावा दोनों ने उन छात्रों और उद्यमियों के महत्वपूर्ण योगदान को भी मान्यता दी जिन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ओबामा प्रशासन की पहल के तहत भारत और अमेरिका के बीच पहला मातृभूमि सुरक्षा संवाद मई 2011 में हुआ था। इसके बाद मातृभूमि सुरक्षा के सचिव जेनेट नपोलीटानो अपने भारतीय समकक्ष पी.चिदंबरम से बात करने के लिए भारत आए थे। इसके बाद दूसरा मातृभूमि सुरक्षा संवाद वॉशिंगटन में साल 2013 में हुआ था। यह संवाद नपोलीटानो और भारत के तत्कालीन गृहमंत्री सुशील कुमार के बीच हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *