मुंबई, 29 सितंबर (हि.स.)। मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के घर खुशियों ने दस्तक दी है। जुबिन और उनकी पत्नी ने 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर अपने पहले बच्चे के रूप में बेटे का स्वागत किया।
हालिया बातचीत में गायक ने खुद यह खुशखबरी शेयर की। उन्होंने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और अस्पताल से घर लौट चुके हैं। जुबिन के पिता बनने की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसक उन्हें सोशल मीडिया पर बधाइयां दे रहे हैं।
बातचीत में जुबिन ने कहा कि वह अब पिता बन चुके हैं और उनके बेटे का जन्म गणेश चतुर्थी के दिन हुआ। उन्होंने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और परिवार इस नए सफर के खूबसूरत पलों का आनंद ले रहा है। बेटे के नाम के बारे में पूछे जाने पर गायक ने कहा कि उन्होंने अभी कोई नाम तय नहीं किया है और फिलहाल बच्चे के साथ समय बिताने पर ध्यान दे रहे हैं।
जुबिन ने इसी साल अप्रैल में उत्तराखंड में अपनी बचपन की प्रेमिका के साथ बेहद निजी समारोह में शादी की थी। गायक ने अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया था और समारोह की तस्वीरें भी शेयर नहीं की थीं। उनकी शादी की खबर बाद में सामने आई थी। बताया गया था कि जुबिन ने इस खास मौके को बेहद निजी रखा और बॉलीवुड के लिए किसी तरह का रिसेप्शन भी आयोजित नहीं किया था। अब बेटे के जन्म के साथ जुबिन और उनकी पत्नी के जीवन में एक नई खुशी जुड़ गई है।
