नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि साहस और पराक्रम से भरा उनका जीवन देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि के स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह जी को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। साहस और शौर्य से परिपूर्ण उनका जीवन देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि के स्वाभिमान की रक्षा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा, “मैं उनके सर्वोच्च बलिदान दिवस पर अमर शहीद ऊधम सिंह जी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। अद्वितीय साहस और वीरता के प्रतीक ऊधम सिंह जी ने जलियांवाला बाग नरसंहार के शहीदों का लंदन में प्रतिशोध लेकर ब्रिटिश शासन के दिल में भय पैदा कर दिया था। इसके साथ ही उन्होंने गदर पार्टी के माध्यम से विदेशों में रह रहे भारतीयों के मन में स्वतंत्रता की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”
उन्होंने कहा, “देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले शहीद ऊधम सिंह का जीवन धैर्य, दृढ़ संकल्प और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “महान क्रांतिकारी और अमर स्वतंत्रता सेनानी शहीद ऊधम सिंह जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। भारत को स्वतंत्र कराने के लिए उनका अदम्य साहस और बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। राष्ट्र उनके बलिदान को सदैव याद रखेगा और उनसे हमेशा प्रेरणा लेता रहेगा।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “अदम्य साहस और अनुपम देशभक्ति के प्रतीक अमर क्रांतिकारी सरदार ऊधम सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। जलियांवाला बाग हत्याकांड का प्रतिशोध लेकर उन्होंने विश्व के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और न्याय के संकल्प को स्थापित किया। उनका त्याग, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान देश को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी सरदार ऊधम सिंह की शहादत दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए उनका शौर्य, साहस और पराक्रम आने वाली सदियों तक भारत माता की सेवा के लिए प्रेरणा देता रहेगा।”
उल्लेखनीय है कि महान स्वतंत्रता सेनानी ऊधम सिंह ने वर्ष 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड का प्रतिशोध लेते हुए पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’डायर की लंदन में गोली मारकर हत्या की थी। उनका जन्म 26 दिसंबर 1899 को पंजाब में हुआ था। भारत की आजादी के लिए संघर्ष करते हुए उन्हें 31 जुलाई 1940 को लंदन की पेंटनविल जेल में फांसी दे दी गई थी।
