मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, छह उग्रवादी गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार बरामद, 5 करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त

इंफाल, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जिलों में चलाए गए अभियान में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के छह सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। एक अलग कार्रवाई में पुलिस ने एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की 2.5 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संयुक्त अभियान के तहत इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, तेंगनौपाल और काकचिंग जिलों से छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादी प्रतिबंधित कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी), पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए), उसके राजनीतिक संगठन रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ) और सोशलिस्ट रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (सोरेपा) से जुड़े हैं।

पुलिस के मुताबिक, ये उग्रवादी अपहरण और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। उग्रवादी संगठनों द्वारा वसूली को अक्सर “सब्सक्रिप्शन” का नाम दिया जाता है।

एक अन्य मादक पदार्थ विरोधी अभियान में पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के तुइबोंग इलाके से 33 वर्षीय लेटमिंटगांग हाओलाई को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की 2.5 किलोग्राम ब्राउन शुगर और तस्करी में इस्तेमाल की गई एक दोपहिया वाहन बरामद की गई।

चुराचांदपुर जिला मिजोरम से अंतरराज्यीय सीमा और म्यांमार से खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है। पुलिस को संदेह है कि जब्त मादक पदार्थ म्यांमार से तस्करी कर राज्य में लाया गया था।

सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर और अन्य संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए। बरामद हथियारों में पांच एसएलआर, पांच इंसास राइफल, चार एके सीरीज राइफल, छह .303 राइफल, 10 सिंगल बैरल गन, चार डबल बैरल गन, एक देसी स्नाइपर राइफल, तीन पिस्तौल, एक स्थानीय ‘पोम्पी’ गन, एक 12 बोर राइफल, कई आईईडी, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और वायरलेस संचार उपकरण शामिल हैं।

इस बीच, केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों ने पूरे मणिपुर में उग्रवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया है। संवेदनशील क्षेत्रों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी और क्षेत्र प्रभुत्व अभियान चलाए जा रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए घाटी और पहाड़ी जिलों में 111 नाके और चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां उग्रवादियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध वाहनों की निगरानी की जा रही है। साथ ही, इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आवश्यक वस्तुओं से लदे ट्रकों सहित अन्य वाहनों को सशस्त्र सुरक्षा प्रदान की जा रही है, ताकि आपूर्ति बाधित न हो।

–आईएएनएस

Leave a Reply