ललितपुर, 16 जुलाई (आईएएनएस): उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में 19 वर्षीय युवती के साथ चलती कार में कथित सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के प्रेमी और उसके साथियों ने उसका अपहरण कर चलती कार में गैंगरेप किया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी और वह अस्पताल में भर्ती है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कालू सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बादल राजा और पीड़िता पिछले चार वर्षों से रिश्ते में थे। घटना वाले दिन युवती अपनी मर्जी से बादल के साथ गई थी।
हालांकि, पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में अलग दावा किया गया है। उनके अनुसार, बादल राजा अपने दो साथियों के साथ जबरन उनकी बेटी को कार में बैठाकर ले गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान युवती किसी तरह अपनी बहन को फोन कर मदद मांगने में सफल रही। सूचना मिलने पर परिजन उसकी तलाश में निकले और बाद में उसे स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास गंभीर और अचेत अवस्था में बरामद कर पुलिस के हवाले किया गया।
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। जांच के दौरान दो आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक देसी तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, शराब की बोतलें और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से भी एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। राज नगर एक्सटेंशन स्थित एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट से सात वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बच्ची और उसके भाइयों के साथ अक्सर खेलता था तथा उन्हें चॉकलेट और चिप्स देकर उनका विश्वास जीत लिया था। शनिवार तड़के निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट से बच्ची का शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया था और सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई। इस मामले में भी परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
