नई दिल्ली, 13 जुलाई: देश को जल प्रबंधन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज ने नई दिल्ली में ग्राम पंचायतों द्वारा जल बजटिंग और जल सुरक्षा योजना पर आयोजित मास्टर ट्रेनर्स के राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही।
विवेक भारद्वाज ने कहा कि जब सभी लोग एक साझा लक्ष्य को लेकर मिलकर काम करते हैं, तभी वास्तविक और प्रभावी बदलाव संभव होता है। उन्होंने इस पहल को एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि मंत्रालय पिछले करीब डेढ़ वर्षों से इस दिशा में लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों से सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया और कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने क्षेत्रों में जल संरक्षण और जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों में लागू करें।
मंत्रालय के सचिव ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जल बजटिंग और जल सुरक्षा योजनाएं तैयार करने से स्थानीय स्तर पर जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे इस पहल को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाएं और अपने क्षेत्रों में जल संबंधी प्रभावी पहल शुरू करें।
