ग्रेटर नोएडा, 24 अगस्त: दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को जिंदा जलाने के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। यह दर्दनाक घटना उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हुई। आरोप है कि 28 वर्षीय निकी को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने मिलकर जला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 36 लाख रुपये का दहेज मांगा था।
इस मामले में मुख्य आरोपी विपिन भाटी (28) को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि उसने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी की मौत को आत्महत्या बताया है। गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले उसने इंस्टाग्राम पर लिखा था, “निकी, तुम मुझे छोड़कर क्यों चली गईं? ऐसा क्यों किया? पूरी दुनिया मुझे कातिल कह रही है।”
निकी की बड़ी बहन कंचन, जिनकी शादी विपिन के बड़े भाई से हुई है, ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों बहनों को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। कंचन ने आरोप लगाया कि गुरुवार को पहले उन्हें मारा-पीटा गया और शाम को उनकी आंखों के सामने निकी को बेरहमी से पीटा गया और फिर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। निकी के नाबालिग बेटे ने भी बताया कि “उन्होंने (आरोपियों ने) मम्मी के ऊपर कुछ डाला, थप्पड़ मारा और फिर लाइटर से आग लगा दी।”
पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो फुटेज मिला है, जिसमें विपिन को निकी के साथ मारपीट करते देखा जा सकता है। गंभीर रूप से घायल निकी को पहले नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। विपिन भाटी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके पिता सत्यवीर भाटी और भाई रोहित भाटी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
