Imphal-Guwahati:तेजू होकर इंफाल-गुवाहाटी के बीच पहली फ्लाईबिग उड़ान का मणिपुर के मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

26HREG198 तेजू होकर इंफाल-गुवाहाटी के बीच पहली फ्लाईबिग उड़ान का मणिपुर के मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

इंफाल, 26 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर के मुख्यमंत्री नोंगथम्बम बीरेन सिंह ने अरुणाचल प्रदेश में तेजू होकर इंफाल-गुवाहाटी को जोड़ने वाली पहली फ्लाईबिग उड़ान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित एक समारोह में कलाकारों ने हवाई अड्डे पर मणिपुरी नृत्य की प्रस्तुति दी।

सोमवार की सुबह इंफाल हवाई अड्डे पर एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने वाया तेजू के रास्ते इंफाल-गुवाहाटी को जोड़ने वाली पहली फ्लाईबिग उड़ान का शुभारंभ किया।

दरअसल, मई 2021 में फ्लाईबिग उड़ान ने अत्याधुनिक एटीआर 72-500 और एटीआर 72-600 विमानों के साथ परिचालन शुरू किया था। एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाईबिग उड़ान बहुत आरामदायक केबिन के साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए सबसे सुरक्षित और सबसे विश्वसनीय उड़ानों में से एक है। उन्होंने कहा कि फ्लाईबिग रोजाना 18 उड़ानों का संचालन करती है। यह भारत की एकमात्र एयरलाइन है, जिसका मुख्य केंद्र गुवाहाटी है। फ्लाईबिग गुवाहाटी को सात गंतव्यों से जोड़ रहा है। इनमें तेजू, पासीघाट, रूपसी, अगरतला, डिब्रूगढ़, कोलकाता और पटना शामिल हैं।

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, ”इंफाल से तेजू के लिए पहली फ्लाईबिग उड़ान का उद्घाटन करते हुए प्रसन्नता हो रही है। यह उड़ान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पारंपरिक उड़ान योजना के तहत संभव हुई है। क्षेत्र के विभिन्न कोनों को जोड़ने वाली कई उड़ानों के साथ, हम जल्द ही इस क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन में एक बड़ा सुधार देखेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *