नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। 31 मार्च, 2016 यह वह दिन था, जब लेंडल सिमंस और आंद्रे रसेल ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ दिया था। टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इन दोनों के बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने भारत को सात विकेट से शिकस्त दी थी।
इस बड़े मुकाबले में भारत ने करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली की नाबाद 89 रन की शानदार पारी से दो विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर बनाया। कोहली ने अपनी 47 गेंदों की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 15 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा अंजिक्य रहाणे और रोहित शर्मा (43) ने पहले विकेट के लिए 44 गेंदों पर 62 रन जोड़े थे।
जवाब में वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही।क्रिस गेल (5) और मार्लन सैमुएल्स (8) के जल्दी आउट होने के बावजूद कैरेबियाई टीम ने 19.4 ओवरों में तीन विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज की जीत के हीरो रहे लेंडल सिमंस जिन्होंने 51 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाये। इस दौरान उन्होंने सात चौके और पांच छक्के लगाए।
वहीं जानसन चार्ल्स ने 36 गेंदों पर 52 रन बनाये। इस दौरान उन्होंने सात चौके और 2 छक्के लगाए। सिमंस ने आंद्रे रसेल (नाबाद 43) के साथ मिलकर 39 गेंदों पर 80 रन जोड़े। सिमंस को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
2021-03-31