महाराष्ट्र : गढ़चिरौली में पुलिस मुठभेड़, 5 नक्सलवादी मारे गए

मुंबई, 29 मार्च (हि. स.)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के कोब्रामेन्धा इलाके में सोमवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 5 नक्सलवादी मारे गए । गढ़चिरौली जिले के नक्सल रेंज के डीआईजी संदीप पाटिल ने इसकी पुष्टि की है। घटनास्थल से सी- 60 कमांडो टीम ने बड़े पैमाने पर नक्सली साहित्य बरामद किया है।  संदीप पाटिल के अनुसार इलाके में बीती रात सी- 60 के जवान पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान इलाके में छिपे नक्सलियों ने पुलिस की टीम पर अचानक हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से क्रॉस फायरिंग हुई। इस फायरिंग में पुलिस ने 5 नक्सलियों को ढेर कर दिया।  इसके बाद अन्य नक्सली मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन जारी है।