असम चुनावः एक माह में डॉ विश्वशर्मा ने की ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां व रोड शो

गुवाहाटी, 26 मार्च (हि.स.)। चुनावों में नेता मतदाताओं से सीधे तौर पर जुड़ने के लिए हर तरह के पैंतरे आजमाते हैं। हालांकि, एक पैंतरा सभी नेता आजमाते हैं, जनता के बीच में रहना। इस मामले में असम सरकार के वित्त आदि मामलों के मंत्री व नेडा के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा संभवतः सबसे आगे दिख रहे हैं। वे 24 घंटे सप्ताह के सातों दिन सिर्फ और सिर्फ राजनीति में समय व्यतीत करते हैं। यही कारण है कि विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले ही चुनाव प्रचार मैदान में जुट चुके थे।

पिछले एक महीने में भाजपा नेता ने जितने राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है, उसके मुकाबले अन्य नेता काफी पीछे हैं। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी लगातार चुनाव प्रचार में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन डॉ विश्वशर्मा मुख्यमंत्री से चुनाव प्रचार में आगे नजर आते हैं। डॉ विश्वशर्मा ने 27 मार्च को पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए सभी 47 विधानसभा क्षेत्रों में कई जनसभा, रोड शो, पदयात्राओं में हिस्सा लिया। 25 फरवरी से 25 मार्च तक डॉ विश्वशर्मा ने 43 जनसभाएं, 175 किमी रोड शो,  124 किमी बाइक रैलियां और 72 किमी पदयात्राएं की। 

डॉ हिमंत विश्वशर्मा असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव अभियान को मजबूत बनाने में पूरे जोरशोर के साथ जुटे हुए हैं। मंत्री डॉ विश्वशर्मा ने ट्वीट करते हुए बताया है कि 25 फरवरी से 25 मार्च तक 43 जनसभाओं को संबोधित करने, 175 किमी रोड शो, 124 किमी बाइक रैलियां और 72 किमी की पदयात्रा के दौरान लोगों की कृपा और स्नेह से अभिभूत हूं। लोगों का काफी प्यार मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *