म्यांमार में 600 से अधिक लोग जेल से रिहा

नैपीटॉ, 24 मार्च (हि.स.)। म्यांमार में हिरासत में लिए गए 600 से अधिक लोगों को बुधवार को इंसेन की जेल से रिहा कर दिया गया। जेल प्रशासन की वरिष्ठ अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमने 360 पुरुषों और 268 महिलाओं को रिहा किया है।

इन कैदियों के लिए लड़ रहे वकील ने बताया कि कैदियों को 16 बसों में बिठाकर रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि कुछ कैदियों ने उन्हें फोन भी किया। उन्हें उनसे संबंधित पुलिस स्टेशन भेजा गया है। स्थानीय़ मीडिया की ओर से साझा की गई तस्वीरों में दिखाया गया है कि यह लोग बस में सवार हैं और खुश होकर सलामी दे रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शांतिपूर्ण हड़ताल का भी आह्वान किया। यंगून और नैपीटॉ में लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन भी किया। दक्षिणी शहर मिएक में लोगों ने हाथों में गुड़िया लेकर प्रदर्शन किया जिसमें लिखा था कि वह लोकतंत्र की मांग करते हैं और सू की के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।

स्थानीय निगरानी समूह की ओर से बताया गया है कि मंगलवार को तीन लोगों को गोली मारी गई थी। इनमें एक सात वर्ष की बच्ची खिन म्यो चिट भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के बाद से  सेना के खिलाफ लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। यह प्रदर्शनकारी शीर्ष नेता आंग सान सू की को और अन्य हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *