अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सिक्किम पहुंचे

गंगटोक, 17 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम को सिक्किम पहुंचे। आज वह सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से मुलाकात करेंगे। 
मुख्यमंत्री खांडू ने बुधवार सुबह राजधानी गंगटोक में कहा कि यह उनकी निजी यात्रा है। हालांकि वह मुख्यमंत्री तमांग के साथ पर्यटन और जैविक खेती पर भी चर्चा करेंगे।पूर्वोत्तर राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के प्रदर्शन के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में पिछले छह वर्षों में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर के कई लंबित मुद्दों को हल किया जा रहा है। संचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में कई समानताएं हैं। ऊर्जा क्षेत्र यहां के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के आर्थिक विकास के लिए संचरण और वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए 9 हजार,129 लाख,32 करोड़ रुपये की व्यापक योजना को मंजूरी  दी है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल को धन्यवाद दिया।
खांडू ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश में कई जलविद्युत परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। हाल ही में 600 मेगावाट बिजली परियोजना पूरी कर ली गई है। इसी तरह अगले दो और तीन वर्षों में 2000 मेगावाट बिजली परियोजना को भी पूरा कर लिया जाएगा। असम चुनाव के बारे में उन्होंने पूर्ण विश्वास के साथ कहा कि भाजपा निश्चित रूप से असम में फिर से सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *