एनएलएफटी के शीर्ष नेता देववर्मा पांच दिनों की पुलिस हिरासत में

अगरतला, 15 मार्च (हि.स.)। त्रिपुरा पुलिस ने सोमवार को प्रतिबंधित संगठन एनएलएफटी के शीर्ष नेता परिमल देववर्मा को मिजोरम से वापस लेकर अगरतला पहुंच गयी है। पुलिस ने उसे सोमवार को कंचनपुर एसडीजेएम कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड अदालत से मांगी। अदालत ने पांच दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की। देववर्मा को मिजोरम की राजधानी आइज़ोल में एक गुप्त शिविर में पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

इससे पहले त्रिपुरा के डीजीपी ने कहा, विशेष शाखा के हवाले से हमें पता चला कि परिमल देववर्मा आइजोल में है। इसलिए, मैंने मिजोरम पुलिस के डीजी को उसे गिरफ्तार करने के लिए सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि मिजोरम पुलिस ने देववर्मा को आइजोल से गिरफ्तार किया।

उत्तर त्रिपुरा के जिला पुलिस अधीक्षक भानुपद चक्रवर्ती ने सोमवार को बताया कि त्रिपुरा पुलिस की एक विशेष टीम सुबह करीब 2 बजे आइजोल से कंचनपुर पहुंची थी। पुलिस ने सात दिनों की पुलिस रिमांड लेने चाही थी लेकिन कंचनपुर एसडीजेएम कोर्ट ने उसे 5 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों एनएलएफटी के सहयोगी कांति मराक को पुलिस ने ठेकेदार को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। परिमल देववर्मा की सारी जानकारी मराक से पूछताछ करके जुटाई गई थी। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक वीएस यादव ने दावा किया है कि इस गिरफ्तारी से उग्रवादी गतिविधियों में काफी कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *