एनएलएफटी का शीर्ष नेता परिमल देववर्मा गिरफ्तार

अगरतला, 13 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने प्रतिबंधित नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के शीर्ष नेता परिमल देववर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। परिमल की गिरफ्तारी मिजोरम पुलिस ने आइजोल में एक गुप्त ठिकाने से करने के बाद त्रिपुरा पुलिस को सौंप दिया है।

 उत्तर त्रिपुरा के जिला पुलिस अधीक्षक भानुपदा चक्रवर्ती ने बताया कि उत्तरी त्रिपुरा जिला पुलिस की एक टीम उसे वापस त्रिपुरा ला रही है। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक वीएस यादव के नेतृत्व में पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

उत्तर त्रिपुरा के जिला पुलिस अधीक्षक भानुपदा ने बताया कि दमचरा पुलिस स्टेशन की पुलिस ने शुक्रवार को एक उग्रवादी संगठन के सदस्य कांति माराक को गिरफ्तार किया था। इसे कुछ दिनों पहले पुलिस ने पिस्तौल रखने के आरोप में भी गिरफ्तार किया था। हालांकि उस मामले में कांति को जमानत पर रिहा कर दिया गया था। उस पर हाल ही में दमचरा-खेड़ाचरा सड़क का निर्माण करने वाले ठेकेदार को धमकी देने का आरोप लगा था। पुलिस ने उक्त आरोपों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने कांति माराक से पूछताछ की और एनएलएफटी के शीर्ष नेता परिमल देववर्मा के बारे में जानकारी जुटाई। इसमें पता चला कि परिमल ने मिजोरम के आइजोल में एक गुप्त शिविर में शरण ली हुई है। उन्होंने मामले की सूचना मिजोरम पुलिस को दी और मिजोरम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

उत्तरी त्रिपुरा के जिला पुलिस अधीक्षक के अनुसार जिला पुलिस का एक दल परिमल देववर्मा को वापस लाने के लिए आइजल पहुंच गया है। मिजोरम पुलिस ने उसे त्रिपुरा पुलिस को सौंप दिया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *