राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान : चंपत राय

नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। राम मंदिर निर्माण के लिए 42 दिन तक चलाए गए निधि समर्पण अभियान में 4 लाख गांवों के 10 करोड़ घरों में संपर्क किया गया। दुनिया के इस सबसे बड़े संपर्क अभियान के दौरान 4 फरवरी तक 2500 करोड़ रुपये की समर्पण राशि प्राप्त हुई। अभी अंतिम आंकड़े आने शेष हैं।

यह जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने दी है। चंपत राय शनिवार को नार्थ एवेन्यू स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार भी उपस्थित थे।

‘निधि समर्पण अभियान और राम मंदिर निर्माण की आगामी कार्य योजना’ के संदर्भ में चंपत राय ने बताया कि मकर संक्रान्ति (15 जनवरी) से माघी पूर्णिमा (27 फरवरी) तक चलने वाले इस सघन अभियान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विहिप के कार्यकर्ताओं ने देश के चार लाख से अधिक गांवों के 10 करोड़ परिवारों से सम्पर्क कर श्रीराम जन्मभूमि से सीधे जोड़कर रामत्व का प्रसार किया। राय ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश से 4.5 करोड़ और मणिपुर से दो करोड़ की राशि प्राप्त हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *