पंजाबः अमरिंदर सरकार का अंतिम बजट सत्र आज

चंडीगढ़ , 01 मार्च ( हि.स.)। पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार का अंतिम बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। चूँकि फरवरी 2022 में पंजाब विधानसभा के चुनाव होने हैं इसलिए आज के बजट सत्र को ही वर्तमान सरकार का अंतिम बजट माना जा रहा है।

आज प्रथम दिन सुबह 11 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। उसके बाद दोपहर 2 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। दो बजे दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही कल 2 मार्च सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी।

आज दोपहर बाद जिन दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी उनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह, पंजाब के पूर्व मंत्री महिंदर सिंह गिल, पूर्व मंत्री मेजर सिंह उबोके, पूर्व मंत्री बाल मुकंद शर्मा, पूर्व मंत्री सतपाल गोसाई, पूर्व मंत्री सतवंत कौर सिद्धू, उपमंत्री श्रीमती चंद्रावती, पूर्व विधायक बृजलाल गोयल, स्वतंत्रता सेनानी अजित सिंह, जत्थेदार एस गोहल सिंह तुर, बलवंत सिंह, हरबंस सिंह, पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर, पत्रकार सतबीर सिंह दर्दी, कृषि आंदोलन के दौरान मौत का शिकार हुए किसान और कोरोना से मौत के काल में समा गए राज्य के लोग शामिल हैं।

पहले राज्यपाल का विरोध करेगी कांग्रेस, फिर रेड कारपेट
पंजाब में सत्ताधारी कांग्रेस के नेता, विधायक आज सुबह 10 बजे पंजाब राजभवन का घेराव करेंगे। ऐसा केंद्र सरकार द्वारा जरूरी वस्तुओं के मूल्यों में हो रही वृद्धि पर नियंत्रण न कर पाने के विरोध में किया जा रहा है। चूँकि कांग्रेस सत्त्ता में है इसलिए 11 बजे राज्यपाल का अभिभाषण का होना है इसलिए सरकार की उपलब्धियों से पूर्व राज्यपाल का रेड कारपेट स्वागत भी किया जायेगा।

अकाली दल करेगा विधानसभा का घेराव
आज अकाली दल द्वारा पंजाब विधानसभा का घेराव सुबह 11 बजे किया जायेगा। पंजाब सरकार द्वारा चुनावों से पहले किये गए वायदों और अन्य मामलों को लेकर पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में पहले पार्टी सेक्टर 25 में धरनास्थल पर धरना देगी और उसके बाद विधानसभा का घेराव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *