अमृतसर (पंजाब), 22 नवंबर (हि.स.)। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पाकिस्तान रवाना हो गया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कार्यालय से 1822 श्रद्धालुओं का जत्था अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। जत्थे में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज भी शामिल हैं।
यह जत्था पाकिस्तान में श्री ननकाना साहिब, श्री पंजा साहिब, गुरुद्वारा सच्चा सौदा सहित विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबानों में नतमस्तक होकर गुरु घरों का आशीर्वाद प्राप्त करेगा। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद जत्था पहला दिसंबर को भारत वापस लौटेगा।
इस बार एसजीपीसी की ओर से कुल 1828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा जारी करवाने के लिए पाकिस्तान सरकार को भेजे गए थे, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने इनमें से 1822 श्रद्धालुओं को ही वीजा जारी किया । इस कारण छह श्रद्धालु वीजा नहीं मिलने के चलते यात्रा में शामिल नहीं हो सके।
इस अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि हर गुरु नानक नाम लेवा सिख की रोजाना अरदास में श्री ननकाना साहिब सहित उन ऐतिहासिक गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार और सेवा-संभाल की कामना शामिल होती है, जिनसे सिख कौम बिछुड़ी हुई है। यह अरदास सिख संगत के दिलों में इन पवित्र स्थलों के प्रति अटूट श्रद्धा और प्रेम को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से पूरे क्षेत्र में अमन-शांति और आपसी भाईचारा कायम रहे तथा श्री करतारपुर साहिब का गलियारा भी जल्द खोला जाए, यही पूरी कौम की अरदास है। उन्होंने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी पंजाब का रिश्ता पंजाबी मातृभाषा, संस्कृति और आपसी प्रेम से जुड़ा हुआ है।
ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने श्री करतारपुर साहिब का गलियारा तुरंत खोलने की मांग करते हुए गुरु साहिब के समक्ष जत्थे की सुखद यात्रा और पूरे क्षेत्र की चढ़दी कला के लिए भी अरदास की।
शिरोमणि कमेटी की सदस्य बीबी परमिंदर कौर पार्टी लीडर के तौर पर जत्थे के साथ गई हैं। वहीं जत्थे के साथ अंतिरंग सदस्य रविंदर सिंह खालसा, सदस्य गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और जनरल प्रबंधक के तौर पर लखबीर सिंह चीफ-85 भी पाकिस्तान जाएंगे।
श्रद्धालुओं ने भारत और पाकिस्तान दोनों सरकारों से अपील की कि संगत की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए करतारपुर कॉरिडोर को भी जल्द दोबारा खोला जाए। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं को श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करने में आसानी होगी और बिना किसी परेशानी के धार्मिक यात्राएं संभव हो सकेंगी।
