– अपना घर और 25 एकड़ खेती होने के बावजूद पुश्तैनी गांव लौटने की हिम्मत नहीं
– पुलिस सुरक्षा में अहेरी में जिंदगी गुजार रहा साईनाथ का परिवार
अहेरी (गढचिरौली) 22 नवंबर (हि.स.)। नक्सलवाद का प्रभाव भले ही कम होता दिखाई दे रहा हो, लेकिन उसकी हिंसा के जख्म अब भी पूरी तरह नहीं भरे हैं। खुद की 25 एकड़ कृषि भूमि और अपना मकान होने के बावजूद एक परिवार आज भी अपने ही गांव लौटने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। तीन साल पहले नक्सलियों की गोलियों का शिकार हुए साईनाथ नरोटी के परिवार पर आज भी भय का साया मंडरा रहा है। सरकार की ओर से आर्थिक सहायता मिली, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई, लेकिन परिवार के मन में बैठा खौफ आज भी बरकरार है। अहेरी में पुलिस सुरक्षा के बीच जीवन गुजार रहा यह परिवार नक्सलमुक्ति के दावों से परे नक्सल पीड़ितों के पुनर्वास की जमीनी हकीकत बयां कर रहा है।
गडचिरोली जिले के भामरागढ़ तहसील का मर्दहूर गांव साईनाथ नरोटी का पैतृक गांव था। साईनाथ गडचिरोली शहर में रहकर बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। इसके साथ ही वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने भविष्य को संवारने में जुटा था। उसने पुलिस भर्ती प्रक्रिया में भी हिस्सा लिया था। हिंसा प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकलकर शिक्षा, रोजगार और विकास की मुख्यधारा से जुड़ना उसका सपना था।होली के त्योहार के अवसर पर वह अपने गांव मर्दहूर आया था। लेकिन मुख्यधारा में शामिल होने की उसकी यही कोशिश नक्सलियों के आक्रोश का कारण बन गई। नक्सली 9 मार्च 2023 की रात साईनाथ को उसके घर से उठाकर ले गए और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। विशेष बात यह है कि इसी गांव के नक्सली प्रकाश उर्फ देविदास उर्फ आडवे मुरे गावड़े की भी इस हत्याकांड में संलिप्तता थी। पुलिस भर्ती में शामिल होने का निर्णय लेने की कीमत साईनाथ को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। जिस उम्र में उसे अपने परिवार की उम्मीदों को पूरा करने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए संघर्ष करना था, उसी उम्र में उसकी जिंदगी छीन ली गई।
आरोपियों पर कार्रवाई हुई, लेकिन परिवार की जिंदगी का क्या ?
साईनाथ की हत्या के बाद गडचिरोली पुलिस के विशेष अभियान दल (सी-60) ने मामले की जांच शुरू की। 14 मार्च 2023 को पुलिस ने जाल बिछाकर हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रकाश उर्फ देविदास उर्फ आडवे मुरे गावड़े को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हत्या, मुठभेड़ और आगजनी जैसे कई मामले दर्ज थे। इस हत्याकांड का एक अन्य प्रमुख आरोपी बिट्लू मडावी मई 2023 में गडचिरोली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। सरकार ने पीड़ित परिवार को आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। लेकिन इन कार्रवाइयों से साईनाथ वापस नहीं आ सकता था और न ही आर्थिक सहायता से उजड़ा हुआ परिवार दोबारा अपनी पुरानी जिंदगी में लौट सकता था।
इससे भी गंभीर बात यह है कि साईनाथ की हत्या के बाद पैदा हुए नक्सली भय के कारण उसके माता-पिता और भाई-बहनों को अपना गांव छोड़ना पड़ा। गांव के ही नक्सली द्वारा साईनाथ की हत्या किए जाने से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल था। इसी डर के चलते नरोटी परिवार को अपने जन्मस्थान से पलायन करना पड़ा।
कुल 25 एकड़ जमीन के मालिक, फिर भी दूसरों के खेतों में मजदूरी!
आज नरोटी परिवार अहेरी में पुलिस सुरक्षा के बीच रह रहा है। मर्दहूर में उनका अपना मकान है और 25 एकड़ कृषि भूमि भी है। लेकिन इन संपत्तियों का उपयोग करने के लिए गांव लौटने का साहस परिवार नहीं जुटा पा रहा है।
परिवार को मिली आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता जीवन की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में खर्च हो चुकी है। दूसरी ओर, परिवार के अन्य बच्चों को आजीविका चलाने के लिए दूसरों के खेतों में मजदूरी करनी पड़ रही है।
जिस परिवार के पास अपनी 25 एकड़ जमीन हो, उसके सदस्यों को दूसरों के खेतों में पसीना बहाना पड़े, यह केवल आर्थिक बदहाली की कहानी नहीं है, बल्कि इस बात का भी प्रमाण है कि नक्सली दहशत ने किस तरह एक परिवार का सामाजिक और आर्थिक जीवन बिखेर दिया है।
नरोटी परिवार का दर्द उनके पिता के शब्दों में और अधिक गहराई से सामने आता है। वे कहते हैं,”कहा जाता है कि नक्सलवाद खत्म हो गया है, लेकिन पीड़ितों के मन में बैठा डर आज भी खत्म नहीं हुआ है। हमें साईनाथ की मौत के बदले आर्थिक सहायता तो मिली, लेकिन वह पैसा जीवन की जरूरतों को पूरा करने में खर्च हो गया। मर्दहूर में हमारा घर है, 25 एकड़ खेती है, लेकिन वहां जाने की हिम्मत नहीं होती। मेरे दूसरे बच्चों को दूसरों के खेतों में मजदूरी करनी पड़ रही है। सरकार कहती है कि नक्सलवाद खत्म हो गया, लेकिन हमारे गांव में नक्सली हिंसा के कारण पसरा सन्नाटा आज भी कायम है। घर और खेती-बाड़ी सब कुछ होने के बावजूद हमें विस्थापितों की तरह सरकार के सहारे जीवन बिताना पड़ रहा है।”
यह सब बताते समय उनकी आंखों में छलकते आंसू केवल बेटे को खोने का दर्द ही बयां नहीं करते, बल्कि अपने ही घर में दोबारा कब कदम रख पाएंगे, इस अनिश्चितता की पीड़ा भी जाहिर करते हैं।
नक्सलमुक्ति के दावों से आगे पुनर्वास की चुनौती
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री एवं राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र में नक्सलवाद के खिलाफ व्यापक प्रयास किए गए हैं। इन प्रयासों के चलते सशस्त्र नक्सलवाद पर अंकुश लगाने में सुरक्षा एजेंसियों को सफलता मिल रही है।
हालांकि, नक्सलवाद का प्रभाव कम होना और नक्सली हिंसा से उजड़े परिवारों का दोबारा सामान्य जीवन में लौटना, ये दोनों अलग-अलग चुनौतियां हैं। नरोटी परिवार की मौजूदा स्थिति इसी हकीकत को उजागर करती है।
सुरक्षा अभियान, नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई और आत्मसमर्पण के जरिए नक्सलवाद का प्रभाव कम करने के प्रयास निश्चित रूप से महत्वपूर्ण हैं। लेकिन इसके साथ ही नक्सल पीड़ित परिवारों का सुरक्षित पुनर्वास, उनकी संपत्तियों पर अधिकार की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा एवं रोजगार की व्यवस्था और उन्हें अपने गांव लौटने के लिए जरूरी भरोसा दिलाना भी उतना ही आवश्यक है।
साईनाथ नरोटी ने पुलिस भर्ती में शामिल होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का सपना देखा था। उसी सपने की राह पर चलते हुए उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। आज उसका परिवार उसी मुख्यधारा से दूर अपने ही गांव लौटने की प्रतीक्षा कर रहा है। मर्दहूर स्थित उनके घर के दरवाजे और खेतों की जमीन आज भी परिवार की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। सवाल केवल एक परिवार के पुनर्वास का नहीं, बल्कि नक्सली हिंसा में अपना सब कुछ गंवा चुके हर परिवार को दोबारा सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन दिलाने का है।
