- पुलिस की संयुक्त टीम तीनों को नागपुर से लेकर रवाना, अब आगे की पूछताछ लखनऊ में होगी
नागपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को नागपुर जिला अदालत ने 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम तीनों को नागपुर से लेकर लखनऊ रवाना हो गई है। अब लखनऊ पहुंचने के बाद मामले में पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश को 20 अक्टूबर को नागपुर में गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में नागपुर पुलिस ने लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मदद की। तीनों घटना के बाद से फरार बताए जा रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रत्येक आरोपित के बारे में जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
नागपुर जिला अदालत से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद अब पुलिस तीनों को लखनऊ ले जा रही है, ताकि संबंधित मामले में आगे की जांच और पूछताछ की जा सके।
यह मामला लखनऊ के कैफे कारोबारी शिवा शर्मा की मौत से जुड़ा है। हजरतगंज थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को एक इमारत की चौथी मंजिल से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद उनकी मां रंजना शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद से पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
सामने आई जानकारी के अनुसार, शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे के बीच करीबी संबंध थे। शिवा के परिजनों ने श्रद्धा सहित अन्य लोगों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इस मामले में आत्महत्या की आशंका से जुड़ी बातें भी सामने आई हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और उसमें शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नागपुर से तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच की दिशा और पुलिस पूछताछ से मिलने वाले तथ्यों पर सबकी नजर रहेगी।
