नई दिल्ली, 22 अगस्त: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में गठित नई टीम के साथ बैठक की।

प्रधानमंत्री शनिवार शाम BJP मुख्यालय पहुंचे। इससे कुछ देर पहले पार्टी की बैठक में ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान और इसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय गीत के इतिहास और महत्व के बारे में देशभर में जागरूकता बढ़ाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने का फैसला किया गया।

BJP मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ मुलाकात की। इस दौरान पूरी नई टीम के साथ सामूहिक तस्वीर भी ली गई।

बता दें कि 17 अगस्त को BJP की 65 सदस्यीय नई टीम की घोषणा की गई थी। इस टीम में 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, मनोज तिग्गा और संदीप पाठक प्रमुख नाम हैं।

पार्टी में हुए संगठनात्मक फेरबदल के तहत कई वरिष्ठ नेताओं को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की पार्टी की नई टीम के साथ हुई इस बैठक को BJP के संगठनात्मक कामकाज और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply