कोलकाता, 22 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को यादवपुर विश्वविद्यालय को लेकर कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार यादवपुर विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद स्थापित करके रहेगी। मुख्यमंत्री ने यह बात अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर के नॉर्दर्न पार्क में आयोजित अन्नपूर्णा योजना से जुड़े एक सरकारी कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री ने यादवपुर विश्वविद्यालय में ‘वंदे मातरम्’ गाने, राष्ट्रीय ध्वज फहराने और शिक्षा विभाग के प्रवेश को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘‘यादवपुर विश्वविद्यालय में वंदे मातरम् गाने नहीं दिया जाता। वहां राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जाता। शिक्षा विभाग को प्रवेश नहीं दिया गया। सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनुमति नहीं दी जाती, लेकिन हम यादवपुर के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद स्थापित करेंगे।’’
उन्होंने यादवपुर विश्वविद्यालय को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वालों पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रहने वालों को ‘वंदे मातरम्’ गाना होगा और देशभक्ति, राष्ट्रवाद तथा राष्ट्रहित के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लगाते हैं, उनसे सख्ती से निपटने की जिम्मेदारी उनकी सरकार की है। ऐसा नारा लगाने वालों का मुंह सिल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में रहने वालों को राष्ट्र और देशभक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट करनी होगी।
उन्होंने 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व नहीं मनाने वालों का समर्थन करने को लेकर मीडिया के एक वर्ग पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अपने रुख से एक इंच भी पीछे नहीं हटेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने के उद्देश्य से सत्ता में आई है। उन्होंने राष्ट्रवाद, सनातन संस्कृति, ‘वंदे मातरम्’, तिरंगा और रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस तथा बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की विरासत के साथ-साथ कालीघाट, दक्षिणेश्वर और तारकेश्वर जैसे धार्मिक स्थलों की आस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
यादवपुर विश्वविद्यालय में बुधवार रात दो छात्र संगठनों के बीच हुई झड़प के बाद तनाव बढ़ गया था। विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्र संगठनों के अनुसार, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्टूडेंट्स यूनियन की आम सभा को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। झड़प में कई छात्र घायल हुए थे। विधायक शरबरी मुखोपाध्याय घायलों को देखने अस्पताल भी पहुंची थीं।
घटना के बाद वामपंथी संगठनों के साथ-साथ माकपा ने भी राज्य की भाजपा सरकार को चेतावनी दी थी। शनिवार के अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर माकपा और वामपंथी संगठनों पर भी निशाना साधा।
