नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची की घोषणा की। नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी की ओर से बताया गया कि नितिन नबीन ने विभिन्न महत्वपूर्ण संगठनात्मक पदों पर नए सदस्यों की नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
भाजपा के 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में ओडिशा के बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा, गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की भारती प्रवीण पवार, पंजाब के मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के एम. नागराजा, उत्तर प्रदेश के प्रोफेसर तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल के मधुचंद्र कर भी शामिल हैं।
राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बी.एल. संतोष को बरकरार रखा गया है। राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) के रूप में शिवप्रकाश और सौदान सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का कोषाध्यक्ष फिर से बनाया गया है।
नए राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में महाराष्ट्र के विनोद तावड़े, दिल्ली के सुनील बंसल, राजस्थान के सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश के गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के हरीश द्विवेदी और हरियाणा के संजय भाटिया शामिल हैं।
इसके अलावा 16 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। इनमें मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार, केरल के के. सुरेंद्रन, उत्तर प्रदेश के भोला सिंह, झारखंड के प्रदीप वर्मा, गुजरात के जगदीश ईश्वरभाई पटेल, दिल्ली के संदीप पाठक, नागालैंड की फांगनोन कोन्याक, उत्तर प्रदेश की संगीता यादव, केरल के अनिल एंटनी, तमिलनाडु के डॉ. एम. वेंकटेशन, पश्चिम बंगाल के मनोज तिग्गा, बिहार के सिद्धार्थ शंभु, दिल्ली के डॉ. स्वदेश सिंह, असम की मृगांका देव बर्मन, गुजरात के रोहन गुप्ता और दिल्ली के जय प्रकाश शामिल हैं।
