लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी करेंगे 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व

नई दिल्ली, 14 अगस्त: देश कल 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों के जरिए समारोह स्थल पर पुष्पवर्षा की जाएगी। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

आकाशवाणी संवाददाता के अनुसार, इस वर्ष का भव्य समारोह राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली विरासत को समर्पित होगा। साथ ही 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवा शक्ति की ऊर्जा, आकांक्षाओं और महत्वपूर्ण योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा। पहली बार लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।

राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट और ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा। सेना, नौसेना और वायुसेना के कुल 2,500 बालक-बालिका कैडेट तथा ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक समारोह में हिस्सा लेंगे।

समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े कारीगर, पीएम मुद्रा योजना की महिला उद्यमी, पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर और भारत टैक्सी के टैक्सी चालक शामिल हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के करीब 15 हजार जवानों की तैनाती की गई है। लाल किले के आसपास और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर करीब 1,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

देशवासियों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भव्य बनाने के लिए देशभर में 343 प्रमुख स्थानों पर विभिन्न बैंड प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply