नई दिल्ली, 14 अगस्त: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी भारी बारिश की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, पूर्वी राजस्थान, कोंकण, गोवा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कल तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस बीच, मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
