हरियाणा में थाने के सामने अंधाधुंध फायरिंग, गैंगवार में सात घायल

चंडीगढ़, 6 अगस्त (आईएएनएस): हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गुरुवार को दिनदहाड़े पुलिस थाने के सामने हुई अंधाधुंध फायरिंग से सनसनी फैल गई। एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार सात लोगों को निशाना बनाकर तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे गैंगवार का मामला हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और स्कॉर्पियो के सामने बाइक लगाकर वाहन को रुकने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने करीब 30 राउंड फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी हाथों में रिवॉल्वर लहराते हुए पैदल ही मौके से फरार हो गए।

गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग के कारण राहगीरों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोलियों से छलनी स्कॉर्पियो के अंदर घायल लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चरखी दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी सात घायलों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने घायलों की पहचान चरखी दादरी के अंकित, हिसार के कीर्तिमान, सूरज, भिवानी के अंकित, हिसार के सनी, महेंद्रगढ़ के कृष्ण और फतेहगढ़ के अमित के रूप में की है।

घटना की जांच के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से गोलियों के खोखे सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply