रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व सैनिकों के लिए वित्तीय सहायता में 100% वृद्धि को मंजूरी दी

नईदिल्ली, १५ अक्टूबर : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व सैनिक कल्याण विभाग द्वारा कार्यान्वित योजनाओं के अंतर्गत पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए वित्तीय सहायता में सौ प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दे दी है। निर्धनता अनुदान को प्रति लाभार्थी चार हज़ार रुपये से दोगुना करके आठ हज़ार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। इससे 65 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध और गैर-पेंशनभोगी पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं, जिनकी कोई नियमित आय नहीं है, को आजीवन निरंतर सहायता मिलेगी। मंत्रालय ने कहा कि दो आश्रित बच्चों तक के लिए शिक्षा अनुदान को एक हज़ार रुपये से बढ़ाकर दो हज़ार रुपये प्रति माह प्रति व्यक्ति कर दिया गया है। विवाह अनुदान भी प्रति लाभार्थी 50 हज़ार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है।

मंत्रालय ने कहा है कि संशोधित दरें इस वर्ष पहली नवंबर से प्रस्तुत आवेदनों पर लागू होंगी, जिसका वार्षिक वित्तीय भार लगभग 257 करोड़ रुपये होगा। इन योजनाओं का वित्तपोषण रक्षा मंत्री पूर्व सैनिक कल्याण कोष के माध्यम से किया जाता है, जो सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष का एक उपसमूह है। इस निर्णय से गैर-पेंशनभोगी पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं के लिए सामाजिक सुरक्षा तंत्र मजबूत होगा, तथा यह सेवानिवृत सैनिकों की सेवा और बलिदान का सम्मान करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगा।