शिक्षा मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की संयुक्त पहल — “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” आज से शुरू

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर: शिक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ मिलकर आज से “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” की शुरुआत की जा रही है। यह 60-दिवसीय राष्ट्रीय अभियान सरकार के तंबाकू मुक्त पीढ़ी के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य देशभर के स्कूलों और उच्च शिक्षा संस्थानों में स्वास्थ्य और कल्याण की मजबूत संस्कृति को बढ़ावा देना है। साथ ही, यह बच्चों और युवाओं को तंबाकू के सेवन से रोकने, नशे की शुरुआत को टालने और पहले से सेवन कर रहे युवाओं को इससे बाहर निकलने में सहयोग प्रदान करेगा।

गौरतलब है कि ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे 2019 के अनुसार, भारत में 13 से 15 वर्ष की उम्र के 8.4% छात्र वर्तमान में तंबाकू उत्पादों का सेवन कर रहे हैं, और औसतन तंबाकू की शुरुआत की उम्र मात्र 10 वर्ष है। इस चिंताजनक स्थिति को देखते हुए, सरकार ने इस दिशा में संपूर्ण सरकारी दृष्टिकोण अपनाते हुए जागरूकता, रोकथाम और प्रवर्तन पर बल देने का निर्णय लिया है।

अभियान के अंतर्गत कई गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें “वर्ल्ड नो टोबैको क्विज”, “स्कूल चैलेंज” , तथा छात्रों के लिए परामर्श और समर्थन सत्र शामिल होंगे, जिनका उद्देश्य तंबाकू और अन्य नशा उत्पादों से मुक्ति दिलाना है।

सरकार को उम्मीद है कि यह अभियान न केवल युवाओं में जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें एक स्वस्थ और तंबाकू मुक्त भविष्य की ओर प्रेरित करेगा।