मंत्री अशोक सिंघल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए पुरस्कार

शोणितपुर (असम), 07 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार के शहरी विकास आदि मामलों के मंत्री अशोक सिंघल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुसार रविवार को पुरस्कार प्रदान किया।

मंत्री सिंघल ने बाद में सोशल मीडिया के जरिए कहा, “हाल के लोकसभा चुनावों में कड़ी मेहनत करने वाले हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए मैंने घोषणा की थी कि मैं उन बूथों को एक लाख रुपये का पुरस्कार दूंगा, जहां शोणितपुर लोकसभा सीट के हमारे उम्मीदवार के पक्ष में ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में 90 फीसदी से अधिक वोट दिए जाएंगे।

उस वादे को पूरा करते हुए, चुनाव में 5 बूथों पर भाजपा के पक्ष में 90 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया। हमने फिर से दो अन्य बूथों वेस्ट मानसिरी और वेस्ट कोलफील्ड्स में एक-एक लाख रुपये का नकद इनाम दिया।

उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि यह पुरस्कार हमारे बूथों के सदस्यों को प्रोत्साहित करेगा और वे पार्टी और लोगों की सेवा के लिए अधिक समर्पित होंगे।

सिंघल ने कहा कि मैंने आज किलाजुली क्षेत्रीय बाथौ महासभा मंदिर को भी एक लाख रुपये का दान दिया।”

उल्लेखनीय है कि मंत्री अशोक सिंघल द्वारा पुरस्कार की घोषणा किए जाने के कारण इस क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ता कठिन परिश्रम करके भाजपा उम्मीदवार को जीत दिलाने में सफल रहे। आज मंत्री द्वारा वादे के अनुसार एक लाख रुपये का इनाम प्राप्त करके पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल देखा गया।