विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने राष्ट्रपति मिजोरम रवाना

-बोरझार हवाई अड्डे पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति का किया अभिनन्दन

गुवाहाटी, 5 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को अपनी असम यात्रा के बाद मिजोरम के लिए रवाना हो गये। राष्ट्रपति यहां मिजोरम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।

गुवाहाटी के खानापाड़ा पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान से वायु सेना के हेलीकाॅप्टर से राष्ट्रपति कोविंद बोरझार हवाई अड्डा पर पहुंचे। राष्ट्रपति वहां मिजोरम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय (एलजीबीआई) हवाई अड्डे पर असमिया परंपरा के अनुसार राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राष्ट्रपति कोविन्द का अभिनन्दन कर उन्हें रवाना किया। राष्ट्रपति की रवानगी के दौरान राज्य के मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा, डीजीपी भास्कर ज्योति महंत समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति गुवाहाटी में मंगलवार की शाम को पहुंचे थे। राष्ट्रपति कोविंद ने बुधवार को तामुलपुर में बोडो साहित्य सभा के 61वें अधिवेशन के समापन समारोह के साथ ही गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में पूर्वोत्तर महोत्सव के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।