अगरतला, 04 अप्रैल (हि.स.)। त्रिपुरा में अंतरराष्ट्रीय आतंकवादियों के संपर्क में रहने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्हें दिल्ली से एसआईबी की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्हें सोमवार को अदालत को पेश कर पुलिस ने रिमांड की मांग की थी। लेकिन, अदालत ने उन तीनों को 7 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। साथ ही पुलिस को केस डायरी जमा करने के लिए अदालत ने आदेश दिया।
पुलिस ने हाल ही में मध्य प्रदेश में जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के दो सक्रिय सदस्यों जहीरुद्दीन और अकील अहमद को गिरफ्तार किया था। खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें गिरफ्तार करना संभव हुआ था। उनसे पूछताछ के बाद एसआईबी को त्रिपुरा में जेएमबी के तीन सदस्यों के बारे में पता चला। पुलिस ने उक्त सूचना के आधार पर सिपाहीजला जिला के जात्रापुर इलाके से इमरान हुसैन (24), हामिद अली (34) और अबुल कासिम (32) को गिरफ्तार किया है।
इनके खिलाफ जात्रापुर थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी/121/121ए और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की धारा 13/18/38/39 के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को उन्हें सोनमुरा एसडीजेएम कोर्ट में पेश कर रिमांड के लिए आवेदन किया था। लेकिन, अदालत ने उन्हें 7 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। साथ ही पुलिस को केस डायरी जमा करने के लिए कहा। अदालत अगली सुनवाई में तीनों के पुलिस रिमांड पर फैसला सुनाएगी। यह भी पता चला है कि दिल्ली से आयी केंद्रीय टीम उनकी ट्रांजिट रिमांड के लिए आवेदन करेगी।
