Bihar Chief Minister : बिहार की उप मुख्यमंत्री ने कहा- ”खोंइछा में कमल दे दीजिए”

कुशीनगर, 26 फरवरी (हि.स.)। बिहार की उप मुख्यमंत्री रेनू देवी ने कहा कि मैं जनकपुर बिहार से चलकर श्रीराम जन्मभूमि यूपी में आईं हूं। मुझे कुछ नहीं चाहिए बस खोंइछा में भाजपा की जीत दे दीजिए। भाजपा ने जो-जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया है। सिर्फ भाजपा ही है, जो महिलाओं की फिक्र करती है। महिलाओं को धुएं से निजात दिलाकर भाजपा ने उज्ज्वला योजना से रसोई गैस कनेक्शन दिया। आयुष्मान कार्ड देकर गरीबों का दु:ख-दर्द कम किया। हम विकास और सुशासन के नाम पर वोट मांग रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री रेनू शनिवार को पडरौना विधानसभा के भैरोगंज में भाजपा उम्मीदवार मनीष जायसवाल और कुशीनगर विधानसभा के कुड़वा में भाजपा के पीएन पाठक के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहीं थीं।

पडरौना विधानसभा के भैरोगंज बाजार में जनचौपाल के दौरान बिहार की डिप्टी सीएम रेनू देवी ने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास और सबका प्रयास के नारे को सार्थक कर रही है। गरीबों का दर्द किसी ने अगर समझा है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ हैं। प्रदेश का विकास तभी होगा, जब डबज इंजन की सरकार होगी। 80 करोड़ लोगों को कोरोना काल में मुफ्त राशन देने का काम भाजपा ने किया है l महिला सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए भी योगी सरकार ने काम किया है। हम विकास के नाम पर मतदाताओं के बीच हैं।

पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बनी तो विशुनपुरा ब्लॉक में बड़ी परियोजना लाने का काम किया जाएगा।

सभा को बिहार की मंत्री अमृता सिंह राठौर, पूर्व सांसद राजेश पांडेय, पूर्व चेयरमैन शिवकुमारी देवी, किशोर यादव, लल्लन मिश्र ने भी संबोधित किया।

कुशीनगर विधानसभा के कुड़वा में भाजपा प्रत्याशी पीएन पाठक के समर्थन में बिहार की डिप्टी सीएम रेनू देवी ने खोंइछा में भाजपा की जीत मांगी। भोजपुरी में संवाद करते हुए कहा कि ‘हम कुछ अउर नाही मांगेब, रउरा सब बस हमरा के खोंइछा में कमल दे दीं’।

उन्होंने कहा कि इज्जत घर देकर महिलाओं की सुरक्षा देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। लाभकारी योजनाओं से सभी को जोड़ने का काम भाजपा सरकार ने की है। उम्मीदवार पीएन पाठक की पत्नी नीलू पाठक ने लोगों से समर्थन मांगा। संचालन संतीश चंद्र शर्मा और संजय सिंह कौशिक ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *