Faggan Singh Kulaste : योगी का माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई सराहनीय : फग्गन सिंह कुलस्ते

देवरिया, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कमल खिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई सराहनीय है। इस कदम से उत्तर प्रदेश से माफियाराज का अंत हुआ। उन्होंने माफियाओं को बिल में घुसा दिया।

उक्त बातें केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने पथरदेवा से भाजपा प्रत्याशी सूर्यप्रताप शाही के समर्थन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा मैरेज हाल पथरदेवा में आयोजित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आदिवासी जातियों जनजातियों, वंचित, शोषित, गोंड एवं खरवार जाति के विकास के लिए जितना कार्य भारतीय जनता पार्टी ने किया है। किसी भी सरकार ने नहीं किया है। मैं स्वयं आदिवासी समुदाय से आता हूं भाजपा ने मुझे केंद्रीय मंत्री बनाकर जो सम्मान दिया है। उसके लिए हमारा समाज सदैव ऋणी रहेगा।

कुलस्ते ने कहा कि मैं अपने समाज के लोगों से अपील करता हूं कि इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सूर्यप्रताप शाही को ही नहीं केवल बल्कि देवरिया के सभी सात विधानसभा सीटों को विजय श्री दिला कर विधानसभा में भेजने का काम करें। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार में मुझे केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी और उसी कार्यकाल में पूरे यूपी में 17 मेडिकल कॉलेज खोलने अनुमति मैंने प्रदान की थी। इन मेडिकल कॉलेजों में हमने डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ा दी। पूरे प्रदेश में डॉक्टरों की कहीं कोई कमी नहीं होगी। यह निर्णय हमने कोरोना का हाल को देखते हुए लिया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों दलितों के लिए अनेक आवास, पेंशन, शौचालय योजना की शुरुआत की गई। जिसका बहुतायत लोगों को लाभ प्राप्त हो रहा है। ऐसी योजनाएं आजादी के बाद किसी भी सरकार ने लोगों तक नहीं पहुंचाई होगी। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गोंड़ ने सम्बोधित करते हुए कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में गरीब पिछड़ा एवं महिलाओं पर बेहिसाब अत्याचार हुए। जनजाति समाज के लोगों का सपा सरकार में जीना दुश्वार था। इस बार आपने भाजपा की योगी सरकार को देखा है, किसी भी जनजाति समुदाय के लोगों का उत्पीड़न नही हुआ। मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि फिर एक बार कमल को वोट दे कर भाजपा की सरकार बनाए किसी गरीब मजदूर का शोषण नहीं होगा। संचालन भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू गोंड़ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *