Swatantradev Singh : भाजपा की सरकार बनते ही विदेश भाग जायेंगे सपा मुखिया अखिलेश: स्वतंत्रदेव सिंह

चित्रकूट, 24 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा सुप्रीमो अखिलेश पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि दस मार्च को जब परिणाम आएगा तो अखिलेश यादव अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर विदेश चले जाएंगे।

वह गुरुवार को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में पार्टी प्रत्याशी चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय के समर्थन में हिन्दू एकता महाकुंभ ग्रांउड में आयोजित चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। कहाकि विधानसभा में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा यूपी में दोबारा सरकार बनायेगी। उन्होंने राष्ट्रवाद और विकास के नाम पर पार्टी प्रत्याशी चंद्रिका उपाध्याय को जिताकर योगी-मोदी के हाथों को मजबूत करने की अपील की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर जनता ने वर्ष 2014, 17 व 2019 तथा अब 2022 में भी भाजपा की सरकार बनाने जा रही है। सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार के गुंडाराज और भ्रष्टाचार से सूबे की जनता पूरी तरह ऊब चुकी थी। उस समय हुए अन्याय को जनता कभी नहीं भुला पाएगी। कोरोना काल में इनके नेता भूमिगत रहे। जब देश में कोई आपदा आती है तो दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी की जिम्मेदारी बनती है कि उससे निपटा जाए। सपा के लोगों ने इस आपदा में सहयोग करने के बजाय वैक्सीन के लिए भी दुष्प्रचार किया।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है गरीबों का कल्याण करना, जबकि सपा का उद्देश्य गुंडों का कल्याण करना। भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य है कि दुनिया भर के निवेशक हिन्दुस्थान में आए यहां पर अपना रोजगार लगाएं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा समाजवादी पार्टी के लोग चाहते हैं कि दुनिया भर से हिन्दुस्थान में आतंकवाद आए।

उन्होंने कहा कि सपा के पास अब कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। योगी जी के 5 साल के कार्यकाल में एक भी रुपए का भ्रष्टाचार नहीं हुआ। प्रदेश की जनता देख रही है कि विकास सिर्फ भाजपा सरकार में ही संभव है। उसमें सबसे खास बात यह है कि 5 सालों में पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त विकास हुआ है। सरकार कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में घर-घर राशन व दवाइयां पहुंचाने का काम किया है। जब इनके लोग घरों में दुबके थे। तब भाजपा के कार्यकर्ता और नेता घर-घर जाकर जनता का दुख दर्द बांट रहे थे।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उमड़े जनसैलाब से भाजपा प्रत्याशी चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को जिताने की अपील की। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मान्वेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महासचिव प्रियंका सिंह रावत, बांदा-चित्रकूट सांसद आर के सिंह पटेल, प्रत्याशी चंद्रिका उपाध्याय, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा, रमेश चंद्र द्विवेदी, जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, वरिष्ठ नेता रंजना उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, रैली प्रभारी आनंद प्रताप सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी, उपाध्यक्ष राजेश्वरी द्विवेदी, महामंत्री विनीता द्विवेदी,राखी चौबे आदि हजारों भाजपाई एवं समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *