Defense Minister : सपा सरकार में गुंडे, अपराधियों का होता है बोलबाला : राजनाथ

वाराणसी, 24 फरवरी (हि.स.)। भाजपा के दिग्गज नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर सियासी तीर चलाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब-जब सपा की सरकार आती है तो गुंडे और अपराधी हावी हो जाते हैं। सरकारी अफसरों के साथ खुलेआम बदसलूकी की जाती है। हर जगह अराजकता का बोलबाला हो जाता है।

राजनाथ सिंह सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा गठबंधन प्रत्याशी नीलरतन पटेल के समर्थन में सेवापुरी सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा का समाजवाद से कोई लेना-देना नहीं है। सपा कभी बसपा तो कभी कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा कि चुस्त-दुरुस्त कानून व्यवस्था ही विकास की नींव है। इस मोर्चे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार खरी उतरी है। प्रदेश के गुंडे-माफिया आज जेल में हैं। अवैध कमाई से बनी माफिया की कोठियां बुल्डोजर से ध्वस्त की गईं। माफिया के कब्जे वाली जगहों पर गरीबों के रहने के लिए अब घर बनेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने 1984 में अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाने की बात कही थी। आज वह सपना साकार हो रहा है। भाजपा सिर्फ सरकार बनाने की राजनीति नहीं करती, समाज और देश बनाने की राजनीति करती है। 2014 लोकसभा, 2017 विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जो भी वादे किए थे, उसे पूरा किया है। हमने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की बात वर्ष 1951 में कही थी। जब संसद में पार्टी को बहुमत मिला तो वह करके भी दिखा दिया। रक्षामंत्री सिंह ने क्षेत्र के लोगों से अपने आत्मीय लगाव का जिक्र कर कहा कि सेवापुरी, औराई, भदोही और मिर्जापुर से मेरा भावनात्मक लगाव है। इन इलाकों में गांव-गांव घूमा हुआ हूं। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी को जिताने की अपील की।

कोरोना काल में पार्टी और सरकार के कार्यों का विस्तार से उल्लेख कर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब को सिर ढंकने के लिए आवास, महिलाओं की पीड़ा को समझ उज्ज्वला समेत कई कल्याणकारी योजनाएं दीं। प्रदेश में भाजपा गठबंधन की सरकार बनाइए, हर होली और हर दीपावली पर एक सिलेंडर मुफ्त मिलेगी। उन्होंने देश के हालात का जिक्र कर कहा कि केंद्र सरकार ने देश की शांति और सुरक्षा को चुनौती देने वालों के घर में घुसकर एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक की। पूरी दुनिया को संदेश दिया कि भारत कमजोर नहीं है। मजबूत भारत है जिसकी ओर किसी ने आंख उठाई तो हम सरहद के इस पार और उस पार भी जाकर मार सकते हैं।

रक्षामंत्री का जोरदार स्वागत

जनसभा के मंच पर राजनाथ के पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। सभा की अध्यक्षता सुरेश सिंह गौतम और संचालन सुरेश सिंह एवं प्रेमशंकर पाठक ने संयुक्त रूप से की। जनसभा में पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा समेत आदि नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *