Vladimir Putin: संयुक्त राष्ट्र ने की पुतिन से शांति की अपील, यूक्रेन के मित्र देश कर रहे जवाब की तैयारी

कीव, 24 फ़रवरी (हि.स.)। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद नाटो व अमेरिका सहित यूक्रेन के मित्र देश जवाब देने की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र संघ ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से शांति का एक मौका देने की अपील की है।

संयुक्त राष्ट्र संघ और नाटो व अमेरिका सहित पश्चिमी देशों की तमाम कोशिशों के बावजूद रूस ने यूक्रेन पर हमला बोल ही दिया है। रूस के हमले से यूक्रेन धू-धू कर जल रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ट्वीट कर कहा कि वे दिल की गहराइयों से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से बस एक बात कहना चाहते हैं। ट्वीट में उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपति पुतिन आप अपनी सेनाओं को रोक लीजिए। शांति को एक मौका दीजिए, पहले ही बड़ी संख्या में लोग मारे जा चुके हैं।”

इस बीच यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर नाटो ने जोरदार जवाब देने की तैयारी की है। माना जा रहा है कि नाटो के सदस्य तीस देश एक साथ रूस पर हमला कर सकते हैं। अलग अलग देशों के बयानों से भी ऐसे संकेत मिल रहे हैं। कनाडा ने यूक्रेन पर रूस के हमले की कड़ी निंदा करने के साथ रूस से अपनी सेना वापस बुलाने का अनुरोध किया है। इंग्लैंड के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की है। राष्ट्रपति पुतिन ने खूनखराबे का रास्ता चुना है। इंग्लैंड और उसके सहयोगी मजबूती से जवाब देंगे। जर्मनी ने भी यूक्रेन के साथ एकजुटता दिखाने का संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *