Vasundhara Raje : बजट नीति पर नहीं, राजनीति पर आधारित है- वसुन्धरा राजे

जयपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने कहा है कि प्रदेश का यह बजट हर वर्ग को निराश करने वाला है। जिसका आधार नीति नहीं, राजनीति है।

राजे ने कहा कि इस बजट में विकास का कोई विजन नहीं है। चुनावी रंग में रंगे इस बजट से न तो प्रदेश की दशा बदलने वाली और न दिशा। चुनावी रंग में रंगा ये बजट आम लोगों के लिए बेरंग ही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का आरम्भ से ही सिद्धांत रहा है कि झूठे सपने दिखाओ और जनता को मूर्ख बनाओ। इस बजट में भी ऐसा ही हुआ है, लेकिन अब लोग इनके झांसे में आने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि कहने को तो कृषि बजट है लेकिन यह किसानो के लिए महज छलावे से ज़्यादा कुछ भी नहीं। इन्होंने विधानसभा चुनाव में किसानों का 2 लाख तक का क़र्ज़ा माफ़ करने का वादा तो आज तक पूरा नहीं किया और फिर से किसानो, युवाओं और कमजोर वर्ग को आकर्षित करने के लिए बजट के नाम पर झूठे वादों का लेखा-जोखा लेकर आ गये।

राजे ने कहा कि पिछली घोषणाएं काग़ज़ों में तो पूरी हो गई,लेकिन धरातल पर आज भी नहीं उतरी।