Yogi Adityanath : सीरियल ब्लास्ट के आतंकी का पिता कर रहा सपा का प्रचार : आदित्यनाथ

कानपुर, 18 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर करारा हमला बोला है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि अहमदाबाद ब्लास्ट केस में कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए दोषियों को फांसी की सज़ा सुनाई। उन दोषी आतंकियों में से एक आजमगढ़ जिले के संजरपुर का है। उस आतंकी के पिता का सम्बंध सपा से है। योगी ने कानपुर की जनसभा में कहा कि यह वही आजमगढ़ है जो दशकों से ‘आतंकियों की फैक्टरी’ के नाम से चर्चित है। इस ब्लास्ट के एक दोषी के पिता इन दिनों सपा का जोरशोर से इलाके में प्रचार कर रहे हैं।

आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने आस्था का सम्मान भी किया और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा। सपा सरकार में सैफई महोत्सव होता था, पर हमारी सरकार में छठ मइया की पूजा, मथुरा वृंदावन में रंगोत्ससव, देव दीपावली, कुंभ जैसे भव्य आयोजन होते हैं। पांच साल पहले जब कानपुर आया था तो चारों ओर गंदगी दिखती थी। पांच साल बाद घाटों का सौन्दर्यीकरण कर पूर्वांचल के विशेष पर्व छठ पूजा अब धूमधाम से होती है।

उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि करहल में भी सपा की जमानत जनता जब्त होगी। भाजपा ने अपने पांच सालों के कार्यकाल में सबको सुरक्षा सबको सम्मान दिया पर तुष्टीकरण किसी का नहीं होने दिया। हमने जो कहा वह किया। साल 2017 में हमने कहा था कि रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। अयोध्याल में भव्य श्रीराम मंदिर बन रहा है। जब राममंदिर में साल 2023 में रामजी विराजमान होंगे तब 500 वर्षों की पूर्वजों की कामनाएं पूरी होंगी। पहले की सरकारों में गरीब कल्याणकारी योजनाओं में लूट मचती थी। बिजली की कटौती होती थी। अब बिना कटौती 24 घंटे बिजली, फ्री में राशन, आवास जैसी सुविधाएं मिल रहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में कानपुर को सरकार की योजनाओं का सर्वाधिक लाभ मिला है। कोरोना काल के दौरान यहां मेट्रो का संचालन हुआ। हमारी सरकार ने जीवन के साथ जीविका को भी बचाने का काम किया। आज मां गंगा की कृपा कानपुर पर है। पहले 14 करोड़ लीटर सीवर गंगा जी में गिरता था, आज वहां हमारी सरकार ने उस सीवर प्वाइंट को सेल्फी प्वाइंट में बदल दिया है। सीवर अब वहां नहीं गिरता है। लखनऊ कानपुर के बीच ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे हो या डिफेंस कॉरिडोर को बनाने का काम, हमारी सरकार ने किया है। इस डिफेंस कॉरिडोर से कानपुर के युवाओं को रोजगार मिलेगा।

फिर बनेगी प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार

योगी ने कहा कि प्रदेश में दो चरणों के चुनाव पूरे हो चुके हैं। रुझान बता रहे हैं कि भाजपा सरकार आ रही है। सपा के कार्यकाल में प्रदेश से व्यापारी पलायन करते थे। अब माफिया पलायन कर रहे हैं। यह नए भारत का नया यूपी है। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा कि जब सपा की सरकार बनी तो इनका पहला फैसला आतंकियों के मुकदमें वापस लेने का था। जब 2017 में भाजपा की सरकार बनी तो हमने 86 लाख किसानों के कर्ज को माफ किया। बेटियों की सुरक्षा, अवैध बूचड़खानों को बंद कराने का निर्णय लिया। भाजपा ने पशुपालकों, किसानों और बेटियों के हित में कई बड़े निर्णय लिए। पांच सालों में सपा ने 18 हजार लोगों के मकान को ही स्वीकृत किया। हमारी सरकार ने 43 लाख से अधिक लोगों को मकान, दो करोड़ से अधिक शौचालय देने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *