Accident: कुशीनगर में हल्दी की रस्म के दौरान बड़ा हादसा, कुएं में गिरने से 13 की मौत

कुशीनगर, 17 फरवरी (हि.स.)। जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे कुएं पर रखा स्लैब टूटने से 22 लोग (महिलाएं और बच्चे) कुएं में गिर गए। इनमें से 13 की मौत हो गयी। शेष घायलों को नौरंगिया सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। ये सभी गांव के ही एक परिवार के यहां गुरुवार को होने वाले मांगलिक कार्य की हल्दी की रस्म निभाने कुएं पर गईं थीं। पूजापाठ के बाद मंगल गीत और नृत्य का दौर चल रहा था कि यह हादसा हो गया।

हादसे में दो महिलाओं और नौ बच्चों समेत 13 लोगों की मौत गई। घटना के समय सभी लोग एक परिवार में हल्दी की रस्म के उत्सव में नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान कुएं पर रखा स्लैब टूट गया और यह हादसा हो गया। मौके पर कई थानों की फोर्स रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। फिलहाल कुएं से अभी लोगों को निकाला जा रहा है। बच्चों व महिलाओं की मृत्यु की सूचना को लेकर पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मौके पर डीएम व एसपी भी पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या और अधिक हो सकती है। क्षेत्रीय सांसद विजय दूबे और भाजपा-निषाद पार्टी गठबंधन के उम्मीदवार विवेकानन्द पांडेय भी मौके पर हैं। पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल के पीआरओ ने भी 13 लोगों के मौत की पुष्टि की है।

मरने वालों में 9 बच्चे व दो महिलाएं शामिल

नौरंगिया के स्कूल टोला निवासी परमेश्वर कुशवाहा के पुत्र अमन की गुरुवार को शादी है। वैवाहिक रस्म के क्रम में बुधवार की रात तकरीबन 10 बजे गांव की महिलाएं और युवतियां अपने परिवार के बच्चों के साथ हल्दी की रस्म अदायगी करने कुएं पर गए थे। परंपरा के मुताबिक यहां नयन माता (कुआं) की पूजा होती है। कुआं पर होने वाली यह रस्म ”मटकोड़” कही जाती है। महिलाएं यहां मटकोड़ करने गई थीं। महिलाएं, युवतियां नृत्य कर खुशी का इजहार करने लगीं। इनके साथ बच्चे भी हो लिए। इसी दौरान उनमें से कुछ युवतियां स्लैब (जगत) पर गईं और वह टूट गया। इसके बाद एक के साथ एक महिलाएं और युवतियां कुएं में गिरने लगीं। इनके साथ बच्चे भी खिंचते चले गए। बताया जा रहा है कि कुएं पर बने ढक्कन व जगत पर कुछ बच्चों के साथ युवतियों के चढ़ने से जगत या ढक्कन टूटा और हादसा हो गया।

सीएमएस डॉ एसके वर्मा ने बताया कि मरने वालों में पांच से 15 वर्ष के नौ बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में कुएं में गिरने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य संचालित करने तथा हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *