Amit Shah : उप्र के लखीमपुर समेत कई जिलों में शाह की सभाएं

लखनऊ, 16 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को उत्तर प्रदेश के प्रवास पर रहेंगे। कई जिलों में उनके चुनावी कार्यक्रम लगे हुए हैं। इसके बाद वह देर शाम पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर संगठनात्मक बैठक करेंगे। उनकी यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

उप्र में दो चरणों का मतदान होने के बाद तीसरे चरण की तैयारी में भाजपा पूरी ताकत के साथ लगी है। पार्टी के शीर्ष नेताओं के चुनावी कार्यक्रम लग रहे हैं। अमित शाह भी उप्र में करीब-करीब हर दिन चुनावी सभाएं कर रहे हैं। गुरुवार को भी उनके कई जिलों में कार्यक्रम लगे हुए हैं। दिन में चुनावी कार्यक्रम के बाद शाम को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में बचे हुए चरणों की ठोस रणनीति तैयार करेंगे।

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12 बजे नगला चुरा स्व रघुवर दयाल वर्मा की प्रतिमा के पास शिकोहाबाद, फिरोजाबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे एशिया इन्टरनेशलन स्कूल, कोसमा चौराहा, करहल, मैनपुरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह दोपहर 3:30 बजे रामलीला मैदान मोहम्मदी, लखीमपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम सात बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में संगठनात्मक बैठक करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *