Ukraine : हरियाणा के करीब छह हजार छात्र यूक्रेन में फंसे, विदेश मंत्रालय ने प्रदेश सरकार से मांगी जानकारी

रोहतक, 16 फरवरी (हि.स.)। यूक्रेन में फंसे प्रदेश के युवाओं को लेकर विदेश मंत्रालय ने इस बारे में सरकार से जानकारी मांगी है। कई छात्रों के परिजनों ने दूसरे दिन भी रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा से संपर्क किया और उनके सामने मदद करने की गुहार लगाई। सांसद ने इस बारे में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से भी बात की है। उन्हें बताया गया है कि अभी यूक्रेन में उड़ानें जारी है और वहां फंसे छात्र वापस आ सकते हैं।

सांसद अरविंद शर्मा ने छात्रों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि भारत सरकार अपने नागरिकों को लाने के लिए प्रतिबद्व है। सांसद ने बताया कि वह लगातार केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री से भी संपर्क बनाए हुए हैं। छात्रों को किसी प्रकार की दिक्कतें नहीं आने दी जाएगी, इसके लिए विदेश मंत्रालय ने उच्च अधिकारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यूक्रेन व रूस के बीच युद्व की स्थिति को देखते हुए प्रदेश से पढ़ाई के लिए गए करीब छह हजार छात्रों के परिजनों को चिंता सताने लगी है। गुरुवार को भी काफी छात्रों के परिजनों ने सांसद अरविंद शर्मा से संपर्क करके छात्रों को यूक्रेन से निकालने में मदद करने को कहा।

सांसद ने इस बारे में पहले भी केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी से संपर्क किया था। अब सांसद ने बताया कि उन्होंने इस बारे में मंत्रालय के अधिकारियों से संपर्क किया और मौजूद हालात के बारे में भी पता किया है। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि अभी नागरिक उड़ानें जारी हैं और छात्रों को तुरंत स्वदेश लौट जाना चाहिए। अगर किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो वह यूक्रेन के कीव स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं, भारतीय अधिकारी पूरी तरह से अलर्ट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *