Mamata Banerjee : भारत रत्न पाने के योग्य थीं संध्या मुखर्जी ; ममता

कूचबिहार, 16 फरवरी(हि. स.)। गीतश्री संध्या मुखोपाध्याय के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र सरकार पर कटाक्ष करना नहीं भूलीं। संध्या मुखर्जी के पद्मश्री सम्मान अस्वीकार करने का जिक्र करते हुए बुधवार को ममता बनर्जी ने कूचबिहार में कहा कि पद्मश्री अब हतश्री में परिवर्तित हो चुका है। मैं पद्मश्री का सम्मान करती हूं लेकिन किसे क्या पुरस्कार देना चाहिए, इसकी तनिक भी समझ केंद्र सरकार को नहीं है। संध्या दी भारतरत्न पाने योग्य थीं। लेकिन उम्र के आखिरी पड़ाव पर उन्हें पद्मश्री देने की पेशकश की गई। कई बड़े बड़े सम्मानों से संध्या दी को वंचित रखा गया। यह ठीक नहीं हुआ।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने संध्या मुखोपाध्याय को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा की थी। इसके बाद जब केंद्र की ओर से संध्या मुखोपाध्याय को फोन किया गया तो उन्होंने पद्म पुरस्कार लेने से मना कर दिया था। उनके परिवार की ओर से भी बताया गया था कि इस उम्र में पद्मश्री देना उनका सम्मान नहीं बल्कि असम्मान है। इसलिए उन्होंने यह पुरस्कार ठुकरा दिया था। उल्लेखनीय है कि बंगाल की किंवदंती गायिका संध्या मुखर्जी का लंबी अस्वस्थता के बाद मंगलवार रात निधन हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *