Governor : मप्र : 48वां खजुराहो नृत्य समारोह 20 से होगा शुरू, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

भोपाल, 15 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में आगामी 20 से 26 फरवरी 2022 तक 48वां ‘खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाये जा रहे अमृत महोत्सव के तहत इस समारोह का राज्यपाल मंगुभाई पटेल 20 फरवरी को शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति और अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा और क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी उपस्थित रहेंगे।

संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि 48वां ‘खजुराहो नृत्य समारोह-2022 मंदिर प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। यहां भगवान की भक्ति और नृत्य का बेजोड़ संगम होगा। समारोह में देश एवं विश्व के विख्यात कलाकार अपनी नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। नृत्य के लिए राष्ट्रीय कालिदास सम्मान और मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद के साथ मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और जिला प्रशासन छतरपुर के संयुक्त प्रयास से यह नृत्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में इस वर्ष ‘महिलाओं के लिये सुरक्षित पर्यटन परियोजना’ में महिलाओं के लिए 20 फरवरी को 5 किलोमीटर की ‘दिल खोल के घूमो’ मैराथन भी होगी। इसका उद्देश्य “हिंदुस्तान के दिल में आप सेफ हैं” के स्लोगन से पर्यटन स्थलों में महिलाओं में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करना है।

राष्ट्रीय कालिदास सम्मान और राज्य रूपंकर कला पुरस्कार अलंकरण

समारोह में राष्ट्रीय कालिदास सम्मान, नृत्य के लिए सुनयना हजारी लाल को वर्ष 2019-20 और शांता-वी.पी. धनंजयन को वर्ष 2020-21 के लिए प्रदान किया जाएगा। साथ ही राज्य रूपंकर कला पुरस्कार वर्ष 2022 के लिए प्रदान किए जाएंगे एवं उनकी कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि समारोह में सभी दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। समारोह का सीधा प्रसारण कल्चर डिपार्टमेंट के यूट्यूब और खजुराहो डांस फेस्टिवल के फेसबुक पेज एवं यूट्यूब पर किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ पर्यटन गतिविधियों का लें आनंद

प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि प्रदेश की संस्कृति पर्यटन का प्रमुख आधार है। उत्सव में हेरिटेज रन, ग्लेम्पिंग विलेज टूर, वाटर राफ्टिंग, ई बाइक टूर, खजुराहो के आस-पास भ्रमण जैसी रोचक गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ स्थानीय संस्कृति, कला और स्थानीय बुंदेली व्यंजनों के स्वाद से पर्यटक परिचित होंगे।

खजुराहो नृत्य समारोह में होगी आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ

खजुराहो नृत्य समारोह के पहले दिन 20 फरवरी को स्व. पंडित बिरजू महाराज के शिष्य कलाश्रम नई दिल्ली का कत्थक समूह और शांता-वी.पी. धनंजयन और साथियों के भरतनाट्यम समूह नृत्य की प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन सुजाता महापात्रा भुवनेश्वर के ओडीसी, निरुपमा राजेंद्र बेंगलुरु की भरतनाट्यम कथक समागमा और जयरामा राव एवं साथी दिल्ली की ओर से कुचिपुड़ी समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह के तीसरे दिन 22 फरवरी को नीना प्रसाद त्रिवेंद्रम की ओर से मोहिनीअट्टम, पार्श्वनाथ उपाध्याय बेंगलुरु द्वारा भरतनाट्यम समूह और टीना तांबे मुंबई द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

चौथे दिन सोनिया परचुरे मुंबई द्वारा कत्थक, कलामंडलम सुनील एवं पेरिस लक्ष्मी कोट्टायम केरल द्वारा कथकली-भरतनाट्यम, रागिनी नगर नई दिल्ली द्वारा कथक और दानुका अर्यावंसा श्रीलंका द्वारा उदारता नेतुमा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह के पाँचवे दिन वसंत किरण एवं साथी कादिरी आंध्र प्रदेश द्वारा कुचिपुड़ी समूह नृत्य, शर्वरी जमेनिस और साथी पुणे द्वारा कथक और संध्या पूरेचा एवं साथी मुंबई द्वारा भरतनाट्यम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। छठवें दिन 25 फरवरी को देविका देवेंद्र एस मंगलामुखी जयपुर द्वारा कथक, रुद्राक्ष फाउंडेशन भुवनेश्वर द्वारा ओडिसी समूह और नयनिका घोष एवं साथी दिल्ली द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। खजुराहो नृत्य समारोह के अंतिम दिन 26 फरवरी को श्वेता देवेंद्र एवं क्षमा मालवीय भोपाल द्वारा भरतनाट्यम-कथक, तपस्या इंफाल द्वारा मणिपुरी समूह और शमा भाटे एवं साथी पुणे द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *