Amit Shah : कानपुर : हारी हुई तीन सीटों पर जीत की रणनीति बना गये अमित शाह

कानपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह सोमवार को कानपुर पहुंचे और मंगलवार को रोड शो किया। इससे तीन विधान सभाओं प्रभाव पड़ा और तीनों यह सीटे पिछली बार भाजपा हार गई थी। इन तीनों सीटों पर अमित शाह ने रोड शो के साथ ही रात में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जीत की रणनीति भी बना गये। रोड शो में कार्यकर्ताओं के साथ जनता का भी जबरदस्त उत्साह देखा गया जिससे भाजपा के नेता यह मानकर चल रहे हैं कि इस बार तीनों सीटों पर पार्टी की जीत होगी।

पिछले विधान सभा चुनाव में कानपुर की 10 विधान सभाओं में भाजपा सात सीटें जीतने में सफल रही और तीन में हार मिली। इन तीनों सीटों पर पांच साल तक पार्टी उम्मीदवार चुनावी मोड पर रहे। इसके बावजूद पार्टी प्रत्याशी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नहीं दिख रहे थे। हालांकि इस बार स्थानीय समीकरण काफी हद तक भाजपा के पक्ष में भी दिख रहे हैं, लेकिन जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी प्रत्याशियों ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनाव प्रचार के लिए पहल की। प्रत्याशियों की पहल पर सोमवार को गृह मंत्री कानपुर पहुंचे और रात में ही पार्टी पदाधिकारियों के साथ सभी 10 सीटों पर चुनावी नब्ज टटोली।

बताया जा रहा है कि इस दौरान सीसामऊ, आर्य नगर और कैंट पर अमित शाह का अधिक ध्यान केन्द्रित रहा। उन्होंने साफ कहा कि इस बार स्थानीय समीकरण पार्टी के पक्ष में है और सभी कार्यकर्ता मन से जुटकर पार्टी प्रत्याशियों को जीत दिलाएं। इसके बाद मंगलवार को सुबह औरैया पहुंचे और वापस फिर कानपुर आकर सीसामऊ और आर्य नगर विधान सभा सीट पर रोड शो किया। हालांकि कैंट विधान सभा नहीं पहुंच सके, लेकिन पड़ोस में कैंट सीट होने के चलते यह माना जा रहा है कि अमित शाह के रोड शो का असर कैंट सीट पर पड़ना स्वाभाविक है।

कार्यकर्ताओं के साथ जनता में दिखा उत्साह

अमित शाह सीसामऊ और आर्य नगर सीट पर पार्टी प्रत्याशियों क्रमश: सलिल विश्नोई और सुरेश अवस्थी के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ जनता में भी जबरदस्त उत्साह दिखा। केन्द्रीय गृह मंत्री ने जनता से अपील की कि इस बार कमल के निशान पर बटन दबाकर पार्टी प्रत्याशियों को जीत दिलाये।

एक नजर में तीनों विधानसभाएं

आर्य नगर सीट पर 2012 में भाजपा के सलिल विश्नोई ने जीत दर्ज की थी। इसके पहले लगातार तीन बार यह सीट सपा के खाते में रही। 2017 में फिर सपा के खाते में चली गई और अमिताभ बाजपेयी ने जीत दर्ज की। सीसामऊ सीट पर भी सपा के इरफान सोलंकी चुनाव जीतते आ रहे हैं। इस सीट पर इरफान दो बार से लगातार विधायक हैं। वहीं कैंट सीट पर भाजपा का गढ़ माना जाता था और भाजपा ने छह बार लगातार इस सीट पर कब्जा रखा। लेकिन परिसीमन के बाद से यह सीट मुस्लिम बाहुल्य हो गई और सपा व कांग्रेस के गठबंधन होने के चलते पिछली बार इस सीट पर कांगेस के सुहैल अख्तर अंसारी ने जीत दर्ज की थी।

घरों और बालकनी से शाह का किया दीदार

अमित शाह का जहां-जहां से रोड शो निकला, वहां छतों और बालकनी में लोगों ने अमित शाह का दीदार किया। अमित शाह की एक झलक पाने को लोग खूब बेताब दिखे। अमित शाह ने भी लोगों को हाथ हिलाकर और नमस्कार कर अभिवादन किया। बीच-बीच में उन्होंने विक्ट्री का सिंबल दिखाते हुए बीजेपी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *