BJP : पंजाब में भाजपा सरकार तीन माह में लागू करेगी आयुष्मान भारत योजना: राजनाथ

चंडीगढ़, 15 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पंजाब की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा पंजाब में जानबूझकर आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं किया गया। पंजाब में भाजपा की सरकार आते ही तीन माह के भीतर आयुष्मान भारत योजना को लागू किया जाएगा। इस योजना से प्रत्येक पंजाबवासी को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।

राजनाथ सिंह डेराबस्सी से भाजपा उम्मीदवार संजीव खन्ना के समर्थन में आयोजित चुनाव रैली में पंजाब सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब के चुनावी रण में उतरे कई दल सरकार बनाने के लिए इस प्रदेश को जातिवाद के नाम पर बांट रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी समाज बनाने में विश्वास रखती है।

सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत की पहचान घोटाले वाले देश के रूप में थी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को कोई गंभीरता से नहीं लेता था। आज भारत न केवल दुनिया का ताकतवर देश बन चुका है बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को गंभीरता से लिया जा रहा है। कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने दिल्ली से जारी होने वाली राशि को आम आदमी तक शतप्रतिशत पहुंचाने में लाचारी दिखाई थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अंतिम व्यक्ति की जरूरत को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाईं। डिजिटल इंडिया के माध्यम से केंद्र की योजनाओं को देश के हर व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। पंजाब की कांग्रेस सरकार इसमें भी रोड़े अटका रही है। पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस पूरी तरह से बिखर चुकी है। कांग्रेस के सांसद ही टिकटों में घोटाले का आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी बिना सेना के सेनापति हैं।

राजनाथ सिंह का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए संजीव खन्ना ने कहा कि वह शासक की बजाए सेवक की लड़ाई लड़ रहे हैं। खन्ना ने कहा कि कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह ढिल्लों डूबता जहाज हैं। उन्हें पांचवीं बार हारता देख कांग्रेस के लोग ही छोड़ रहे हैं। दो बार विधायक रहे एनके शर्मा ने कभी इस इलाके का भला नहीं किया। उन्होंने हमेशा अपना घर भरा है। डेराबस्सी के लोग भारतीय जनता पार्टी को स्वीकार कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *