Development : पंजाब के विकास के लिए भाजपा जरूरी:जयराम ठाकुर

जीरकपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस ने पंजाब तथा पंजाबियों को अंधकार की तरफ धकेलने का काम किया है। पंजाब को अंधकार से बाहर निकालकर विकास की राह पर चलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी गठबंधन की सरकार को सत्ता में लाना जरूरी है। जिस तरह देश में मोदी सरकार की जरूरत है, उसी तरह पंजाब में भाजपा गठबंधन सरकार समय की मांग है।

जयराम ठाकुर बृहस्पतिवार की शाम डेराबस्सी से भाजपा प्रत्याशी संजीव खन्ना के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में विकास, अमन, शांति और भाईचारे की बहाली के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है।

ठाकुर ने कहा कि हिमाचल और पंजाब पहले एक ही थे। भौगौलिक रूप से विभाजन के बावजूद यहां के लोगों में आपसी भाईचारा आज भी कायम है। कांग्रेस जहां विकास के मामले में क्षेत्रवाद को बढ़ावा देती है, वहीं भाजपा गांवों का शहरों की तर्ज पर विकास करने में विश्वास रखती है। पंजाब में डबल इंजन सरकार बनाने का आह्वन करते हुए हिमाचल के मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग यह समझ चुके हैं कि भारतीय जनता पार्टी ही इस प्रदेश में विकास को बढ़ावा देकर भाईचारे को कायम रख सकती है। इसलिए भाजपा गठबंधन पंजाब में तेजी से सरकार बनाने की तरफ बढ़ रहा है। जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला रोके जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा ही पंजाब के विकास में बाधा रही है। दूसरी ओर केंद्र की मोदी सरकार ने अपनी तरफ से पंजाब में विकास परियोजनाओं को लागू करने में हर संभव सहयोग किया है।

इसके पहले जयराम ठाकुर का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए भाजपा प्रत्याशी संजीव खन्ना ने कहा कि चंडीगढ़ व हरियाणा से घिरा होने के बावजूद डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र शिक्षा और स्वास्थ्य के मामले में काफी पीछे है। इसलिए इस क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने और स्कूलों की हालत में सुधार करना भाजपा के टॉप एजेंडे में शामिल है। संजीव खन्ना ने यहां ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए पीआर-7 रोड का निर्माण करवाने तथा पेयजल आपूर्ति में सुधार को लेकर भी अपनी योजनाएं बताई।

इस अवसर पर पंजाब के चुनाव प्रभारी एवं राज्य सभा सांसद दुष्यंत गौतम ने कांग्रेस को पंजाब व पंजाबियों की दुश्मन पार्टी करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान हमारे सैनिकों पर आए दिन हमले करता है। पाकिस्तान द्वारा पंजाब में शांति भंग की जाती है और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पाकिस्तान सरकार के सबसे करीबी मित्र हैं। पटियाला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि पंजाब में व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर, किसान, महिला तथा युवा सभी समझ चुके हैं कि पंजाब में अमन चैन शांति और विकास केवल भाजपा ही दे सकती है। पंजाब में भाजपा की सरकार बनना तय है।

सभा में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओपी यादव, हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन, कालका की पूर्व विधायक लतिका शर्मा, भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील राणा, मुकेश गांधी, एकता नागपाल, अंकुश उप्पल, निधि बलूनी समेत कई गणमान्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *