Released : संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया पुस्तक विमोचन

गुवाहाटी, 10 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने गुवाहाटी में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान “मृत्युंजयी वीर- उत्तर पूर्वांचल की बलिदानी गाथा” नामक पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक के लेखक संदीप कवीश्वर हैं। कवीश्वर विगत 20 वर्षों से पूर्वोत्तर में संघ के प्रचारक हैं। वर्तमान में उन पर वनवासी कल्याण आश्रम के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री का दायित्व है।

पुस्तक में इस क्षेत्र में राष्ट्रीय अखंडता और धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं के बलिदानों की जानकारी दी गई है। पुस्तक में कहा गया है कि पूर्वोत्तर जैसे दुर्गम और समस्याग्रस्त क्षेत्र में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकात्मता, स्वधर्म की बात करना भी एक समय में कठिन था। ऐसे वातावरण में स्थानीय कार्यकर्ताओं का डटकर खड़ा रहना, अन्य प्रांतों से आये हुए संघ प्रचारकों का निर्भय होकर भारत भक्ति सिखाना, देश विघातक शक्तियों से भला कैसे सहा जाता और उनके इस क्षेत्र पर राज करने के स्वप्न कैसे पूरे होंगे? इसलिए जब धमकियों से काम नहीं बना तो ऐसे व्यक्तियों को ही मिटा देना, यह उपाय उन्होंने सोचा और किया।

पुस्तक के अनुसार, इन बलिदानों से यह पवित्र कार्य नहीं रुका, न ही झुका। बल्कि, बड़ी संख्या में अन्य प्रांतों से और स्थानीय समाज से कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती ही गयी। आज इस साधना के फलस्वरूप एक देशभक्तियुक्त, भयमुक्त पूर्वांचल खड़ा होता दिखाई दे रहा है। पुस्तक में ऐसे बलिदान देने वाले 12 कार्यकर्ताओं की जानकारी दी गई है। पुस्तक का प्रकाशन प्राची प्रकाशन ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *