मेजर जनरल विक्रम सिंह शेखों ने सेना की क्रासड स्वार्डस डिवीजन की कमान संभाली

जम्मू, 10 फरवरी (हि.स.)। मेजर जनरल विक्रम सिंह शेखों ने गुरुवार को जम्मू जिले के अखनूर में सेना की क्रासड स्वार्डस डिवीजन की कमान संभाल ली।

अखनूर स्थित क्रासड स्वार्डस डिवीजन मुख्यालय में मेजर जनरल विक्रम सिंह शेखों ने मेजर जनरल राजीव गढिहोक से जीओसी का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने अखनूर वार मेमोरियल में उन सैनिकों को सलामी दी, जिन्होनें पाकिस्तान से लड़े गए युद्धों व आतंकवाद विरोधी अभियानों में शहीद हुए हैं।

डिव की कमान संभालने के बाद नए जीओसी ने अधिकारियों व जवानों को वीरता की अपनी परंपरा को बरकरार रखने का आह्वान किया। उन्होंने दुश्मन की हर साजिश का डटकर मुकाबला करने के लिए कहा। आतंकवाद विरोधी अभियानों व सीमा रक्षण में अनुभव रखने वाले मेजर जनरल विक्रम सिंह शेखों सेना की जम्मू कश्मीर राइफल्स के अधिकारी हैं।

अखनूर डिवीजन पाकिस्तान से लोहा लेने के लिए हमेशा आगे रहने वाली सेना की महत्वपूर्ण सैन्य डिवीजनों में से एक है। पूर्व थलसेना अध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह भी इस डिव की कमान संभाल चुके हैं। इस डिवीजन के अधिकारियों व जवानों ने वर्ष 1965 व 1971 के भारत पाकिस्तान युद्धों के दौरान असाधारण वीरता का परिचय दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *